बिहार चुनाव के बीच लालू परिवार में कलह: रोहिणी आचार्य ने विरोधियों को दी खुली चुनौती

 

Bihar politics: विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार में अंदरूनी कलह थमने का नाम नहीं ले रही है। तेजप्रताप यादव के बाद अब रोहिणी आचार्य ने भी विरोध की राह अपनाई है। लगातार ट्विटर पर अपनी नाराजगी जताने वाली रोहिणी ने अब अपने विरोधियों को खुली चुनौती दे दी है।

रोहिणी ने अपने ट्वीट में कहा, “मेरी खुली चुनौती है सभी गंदी सोच रखने वालों और ऐसे लोगों को शह दे रहे तमाम लोगों को कि कोई अगर ये साबित कर दे कि मैंने अपने या किसी और के लिए भी कभी कुछ माँग किसी के पास रखी, और मेरे द्वारा अपने आदरणीय पिता को किडनी दिया जाना झूठ है, तो मैं राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन से खुद को अलग कर लूँगी।”

उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि, “दोषारोपण करने वाले यदि अपना झूठ और दुष्प्रचार साबित नहीं कर पाए, तो उनमें इतना साहस होना चाहिए कि वे सार्वजनिक तौर पर मुझसे और देश की हर माँ, बहन और बेटी से माफी मांगे, और भविष्य में किसी के बारे में अपमानजनक या झूठी बात नहीं फैलाएँगे।”

राजद परिवार में यह टकराव चुनावी माहौल के बीच और अधिक चर्चा का विषय बन गया है। जनता और राजनीतिक विश्लेषक यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि रोहिणी की चुनौती का किस तरह जवाब दिया जाएगा और इसका पार्टी के चुनावी रणनीति पर क्या असर पड़ेगा।