राबड़ी आवास विवाद पर गरमाई बिहार की राजनीति, रोहिणी आचार्य ने सरकार को दी खुली चुनौती
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सरकार को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि अगर सरकार में हिम्मत है तो जबरन बंगला खाली कराकर दिखाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए विपक्ष को निशाना बना रही है। उनके मुताबिक महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं पर सरकार पूरी तरह विफल रही है, लेकिन राजनीतिक विरोधियों को परेशान करने में पूरी ताकत लगा रही है।
दरअसल, भवन निर्माण विभाग ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने का नोटिस जारी किया है। विभाग का कहना है कि यह बंगला अब बिहार सरकार के पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया जा चुका है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार विधानसभा चुनाव 2025 के बाद राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास दिया गया था।
हालांकि राबड़ी देवी ने साफ कर दिया है कि वह 10 सर्कुलर रोड का आवास खाली नहीं करेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे तो पुलिस बल भेजकर बंगला खाली करवा ले। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है।
इसी बीच सचिवालय एसडीपीओ अनु कुमारी पुलिस बल के साथ राबड़ी आवास पहुंचीं। अधिकारियों और राबड़ी देवी के बीच अंदर बातचीत भी हुई। हालांकि इस मुलाकात के बाद कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन पूरे घटनाक्रम पर राजनीतिक दलों और प्रशासन की नजर बनी हुई है।
अब यह मामला सिर्फ सरकारी आवास तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि बिहार की चुनावी राजनीति में भी बड़ा मुद्दा बनता दिखाई दे रहा है। विपक्ष इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बता रहा है, जबकि सरकार इसे प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा बता रही है।