नीतीश कुमार के घर खरना का प्रसाद खाने जाएंगी रोहिणी आचार्य, बोलीं- क्यों नहीं जाएंगे, वो हमारे चाचा हैं
बिहार में 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत हो गई है। छठ की रौनक के बीच प्रदेश की सियासत में भी हलचल तेज हो गई है। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसके बाद बिहार की राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। रोहिणी आचार्य ने नीतीश कुमार को अपना चाचा बताते हुए उनके घर जाने और खरना का प्रसाद खाने की बात कही है।
दरअसल, मीडिया से बातचीत के दौरान जब रोहिणी आचार्य से नीतीश कुमार को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने साफ कहा कि वह उनके घर जरूर जाएंगी। उन्होंने कहा, "क्यों नहीं जाएंगे, वो हमारे चाचा हैं। खरना का प्रसाद खाने जरूर जाएंगे।" रोहिणी आचार्य के इस बयान को बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों से जोड़कर देखा जा रहा है। नीतीश कुमार के जेडीयू से जुड़े होने और राज्यसभा सांसद होने के कारण उनके प्रति रोहिणी के इस रुख के कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।
गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार के बीच का राजनीतिक रिश्ता हमेशा से बिहार की सियासत में चर्चा का विषय रहा है। दोनों नेताओं के बीच कभी नजदीकियां तो कभी सियासी दूरियां देखने को मिली हैं। ऐसे में रोहिणी आचार्य का नीतीश कुमार को चाचा बताकर उनके घर जाने की बात कहना काफी अहम माना जा रहा है।
इससे पहले गुरुवार को पटना में दिवंगत पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. रवींद्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा) के ब्रह्मभोज और श्रद्धांजलि सभा में भी बिहार की राजनीति से जुड़ी कई चर्चित हस्तियां एक साथ नजर आईं। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर और रोहिणी आचार्य की मौजूदगी ने भी लोगों का ध्यान खींचा।
वहीं, पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान रोहिणी आचार्य ने बीजेपी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी को सत्ता से बाहर करना जरूरी है। इसके लिए विपक्षी दलों को एकजुट होकर काम करना होगा। अगर दलों के बीच किसी तरह का मतभेद है तो उसे दूर कर एक साथ आना चाहिए।
इसके अलावा रोहिणी आचार्य ने बिहार में पुलिसकर्मियों पर हो रहे हमलों और अपराधियों के बढ़ते मनोबल को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने महंगाई के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा।
फिलहाल, छठ के मौके पर नीतीश कुमार के घर जाने और खरना का प्रसाद खाने को लेकर रोहिणी आचार्य के इस बयान ने बिहार की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। अब देखना होगा कि खरना के दिन उनकी नीतीश कुमार से मुलाकात होती है या नहीं और इस मुलाकात से कोई नया राजनीतिक संदेश निकलकर सामने आता है।