बीमार नीरज कुमार से मिलने पहुंचे सम्राट चौधरी, साथ में मौजूद रहे संजय सरावगी

नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ी, मेदांता के ICU में भर्ती, सम्राट चौधरी समेत कई नेता पहुंचे
 

जेडीयू के एमएलसी प्रत्याशी नीरज कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। हार्ट से जुड़ी परेशानी के बाद उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल वह अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आने के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

नीरज कुमार का हालचाल जानने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय चौधरी और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी मेदांता अस्पताल पहुंचे। तीनों नेताओं ने अस्पताल में नीरज कुमार से जुड़ी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। हालांकि, उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत मेडिकल बुलेटिन सामने नहीं आया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, नीरज कुमार पहले से ही हार्ट संबंधी परेशानी से जूझ रहे हैं। इसी बीच अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों की टीम उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रख रही है।

बता दें कि नीरज कुमार पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू के एमएलसी प्रत्याशी हैं। चुनावी माहौल के बीच उनकी तबीयत खराब होने की खबर आई है। इस सीट पर राजनीतिक गतिविधियां पहले से ही तेज हैं और अलग-अलग दलों के नेता अपने प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं।

इस चुनाव में नीरज कुमार के सामने एक अलग तरह की राजनीतिक चुनौती भी है। मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। अनंत सिंह लगातार अनुज सिंह के पक्ष में वोट मांग रहे हैं। ऐसे में पटना स्नातक सीट का मुकाबला राजनीतिक रूप से काफी दिलचस्प बना हुआ है।

फिलहाल नीरज कुमार का मेदांता अस्पताल में इलाज जारी है। अब सभी की नजर उनके स्वास्थ्य में सुधार और डॉक्टरों की ओर से आने वाली अगली जानकारी पर टिकी है।