दिल्ली में सम्राट चौधरी का मेगा मिशन, गडकरी से मुलाकात में बिहार की 15 हजार करोड़ की परियोजनाओं पर होगी बड़ी चर्चा
Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोमवार को राजधानी दिल्ली के अहम दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनकी केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात प्रस्तावित है। इस बैठक को बिहार के बुनियादी ढांचे के विकास के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस बैठक में राज्य की करीब 15 हजार करोड़ रुपये की सड़क और पुल परियोजनाओं को लेकर केंद्र से वित्तीय मंजूरी और बजट आवंटन की मांग करेंगे। माना जा रहा है कि कई लंबित परियोजनाओं को इस बैठक के बाद नई रफ्तार मिल सकती है।
बैठक में डुमरांव, विक्रमगंज, सफिया सराय और जहानाबाद में प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) परियोजनाओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इन परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से स्वीकृति और आर्थिक सहयोग मांगा जाएगा। इन आरओबी के निर्माण से रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा अरवल-बिहारशरीफ सड़क परियोजना भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहेगी। यह परियोजना दक्षिण और मध्य बिहार के बीच संपर्क को मजबूत करेगी, जिससे व्यापार, कृषि और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री बेतिया, समस्तीपुर और औरंगाबाद बाइपास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी करेंगे। इन बाइपास के निर्माण से शहरों में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लंबी दूरी की यात्रा अधिक सुगम हो सकेगी।
मिथिलांचल क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जयनगर में कमला नदी पर दो नए पुलों के निर्माण का प्रस्ताव भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखेंगे। इन पुलों के बनने से सीमावर्ती इलाकों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
हालांकि दौरे का आधिकारिक एजेंडा सड़क और पुल परियोजनाओं पर केंद्रित है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इस यात्रा को खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चर्चा है कि दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कई वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय पदाधिकारियों से भी मुलाकात कर सकते हैं। ऐसे में यह दौरा विकास और राजनीति, दोनों दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।