दिल्ली में सम्राट चौधरी का नया 'पावर सेंटर': जिस VVIP बंगले में रहते थे नीतीश, अब वहीं से चलेगी बिहार की सियासत
राज्यसभा सांसद बनने के बाद नीतीश कुमार को दिल्ली के सुनहरी बाग रोड स्थित नया सरकारी आवास मिला। इसके बाद अब कामराज लेन का यह बंगला सम्राट चौधरी को सौंप दिया गया है।राजनीतिक हलकों में इसे सत्ता और प्रभाव के बदलते समीकरणों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। बंगले के बदलाव ने बिहार की राजनीति में नई चर्चाओं को हवा दे दी है।
दिल्ली का कामराज लेन इलाका देश के सबसे प्रतिष्ठित सरकारी आवासीय क्षेत्रों में गिना जाता है। यहां केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ नेता और कई पूर्व मुख्यमंत्री रहते हैं। सम्राट चौधरी को मिला बंगला टाइप-8 श्रेणी का आलीशान सरकारी आवास बताया जा रहा है। यह इलाका संसद, केंद्रीय मंत्रालयों और बड़े राजनीतिक केंद्रों के बेहद करीब है। ऐसे में बिहार से जुड़े सरकारी कामकाज और बैठकों के लिए यह लोकेशन काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी लगातार दिल्ली और पटना के बीच सक्रिय हैं। अब उन्हें दिल्ली प्रवास के दौरान अलग से गेस्ट हाउस या अस्थायी आवास पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सूत्रों के मुताबिक जल्द ही वे इस नए आवास का इस्तेमाल शुरू कर सकते हैं। राजनीतिक मुलाकातों और प्रशासनिक बैठकों के लिए भी यह बंगला सुविधाजनक माना जा रहा है। दिल्ली में स्थायी सरकारी आवास मिलने को उनके बढ़ते राजनीतिक कद से भी जोड़ा जा रहा है।
बता दें कि पटना में भी मुख्यमंत्री आवास को लेकर बदलाव हो चुका है। फिलहाल सम्राट चौधरी को लोक सेवक आवास आवंटित किया गया है। इसे पहले 1 अणे मार्ग के नाम से जाना जाता था। मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद से सम्राट चौधरी लगातार प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। अब दिल्ली में नया बंगला मिलने के बाद बिहार की राजनीति में इसकी खूब चर्चा हो रही है।