सम्राट चौधरी के सुरक्षाकर्मियों ने निशांत कुमार को रोका! वायरल वीडियो पर JDU ने जांच की मांग की

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुरक्षाकर्मी उन्हें सुरक्षा घेरे से बाहर करते नजर आ रहे हैं
 

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुरक्षाकर्मी उन्हें सुरक्षा घेरे से बाहर करते नजर आ रहे हैं। इस घटनाक्रम को लेकर जेडीयू ने नाराजगी जताई है और पुलिस मुख्यालय से मामले की जांच कराने की मांग की है।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे और नीतीश सेतु के उद्घाटन की तैयारियों का जायजा लेने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वैशाली पहुंचे थे। उनके साथ डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार समेत अन्य मंत्रिमंडलीय सहयोगी भी मौजूद थे।

इसी दौरान निरीक्षण का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने सुरक्षा दस्ते के साथ आगे बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। पीछे चल रहे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार मुख्यमंत्री के करीब पहुंचने की कोशिश करते हैं, लेकिन सुरक्षा में तैनात गार्ड उन्हें रोक देते हैं। इसके बाद निशांत कुमार पीछे हट जाते हैं। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने इस घटना को दुखद और पीड़ाजनक बताया है। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार वैशाली जिले के प्रभारी मंत्री हैं और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री के साथ पहुंचे थे। ऐसे में सवाल उठता है कि जब निशांत कुमार की श्रेणी के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था निर्धारित है, तो उनके साथ इस तरह का व्यवहार क्यों किया गया?

नीरज कुमार ने पुलिस मुख्यालय से मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि सुरक्षा गार्ड ने निशांत कुमार को जानबूझकर रोका या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।

निशांत कुमार के अपमान के सवाल पर नीरज कुमार ने कहा कि उनका व्यक्तित्व इतना बड़ा है कि कोई उन्हें अपमानित नहीं कर सकता। उन्होंने सम्राट चौधरी और निशांत कुमार की जोड़ी को मजबूत बताते हुए कहा कि सभी को अपने निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए।