‘समृद्धि यात्रा’ से शेखपुरा में सियासी हलचल तेज, 1 मार्च को CM नीतीश कुमार की संभावित जनसभा; प्रशासन अलर्ट

 

Bihar news: बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल बढ़ गई है। “समृद्धि यात्रा” के तहत 1 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शेखपुरा पहुंचने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत उनका काफिला सर्वा पंचायत में जनसभा को संबोधित कर सकता है। संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

सभा स्थल सर्वा गांव में नव निर्मित सरकारी पंचायत भवन के समीप तय किया गया है। तैयारियों का जायजा लेने बरबीघा के विधायक डॉ. कुमार पुष्पांजय ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के साथ स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

मीडिया से बातचीत में विधायक ने कहा कि “समृद्धि यात्रा” केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकास के संकल्प का प्रतीक है। उनके अनुसार इस दौरान जिले को कई जनकल्याणकारी योजनाओं की सौगात मिलने की उम्मीद है। उन्होंने दावा किया कि एनडीए सरकार के नेतृत्व में बिहार तेज रफ्तार विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी नीतियों के कारण राज्य ने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सरकारी नौकरियों के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को उन्होंने राज्य के सामाजिक बदलाव का बड़ा संकेत बताया।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि हालिया जनादेश ने एनडीए के पक्ष में मजबूत संदेश दिया है और “समृद्धि यात्रा” को उसी विश्वास की पुनः पुष्टि के रूप में देखा जा रहा है।

कार्यक्रम को लेकर जदयू कार्यकर्ताओं में उत्साह साफ झलक रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पार्टी नेताओं की सक्रियता ने माहौल को और सियासी बना दिया है। अब सबकी निगाहें 1 मार्च पर टिकी हैं, जब शेखपुरा की धरती पर विकास और राजनीति का बड़ा मंच सज सकता है।