विश्वबंधु डांस फेस्टिवल में शामिल हुए संजय गुप्ता, पद्मश्री डॉ. शांति जैन पुरस्कार से हुए सम्मानित

पद्मश्री से सम्मानित महान नृत्य साधक गुरु विश्वबंधु जी की 96वीं जयंती के अवसर पर सुरांगन की ओर से आयोजित तीन दिवसीय ‘विश्वबंधु थिएट्रिकल डांस फेस्टिवल 2026’ का भव्य समापन प्रेमचंद रंगशाला, राजेंद्र नगर में हुआ
 

पटना: पद्मश्री से सम्मानित महान नृत्य साधक गुरु विश्वबंधु जी की 96वीं जयंती के अवसर पर सुरांगन की ओर से आयोजित तीन दिवसीय ‘विश्वबंधु थिएट्रिकल डांस फेस्टिवल 2026’ का भव्य समापन प्रेमचंद रंगशाला, राजेंद्र नगर में हुआ। इस अवसर पर संजय गुप्ता ने समारोह में शामिल होकर कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में आयोजित इस विशेष आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान उन्हें पद्मश्री डॉ. शांति जैन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

महोत्सव के समापन समारोह में कोलकाता की प्रतिष्ठित लहरी डांस इंस्टीट्यूशन के कलाकारों ने उदय शंकर नृत्य शैली पर आधारित नौ मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लहरी डांस इंस्टीट्यूशन की निदेशक श्रेया महंता के निर्देशन में कलाकारों ने भारतीय शास्त्रीय एवं समकालीन नृत्य अभिव्यक्ति का शानदार संगम पेश किया।

कार्यक्रम की शुरुआत आनंद शंकर की संगीत रचना ‘डिस्कवरी ऑफ इंडिया’ पर आधारित ‘प्रणाम’ प्रस्तुति से हुई। इसके माध्यम से सृष्टि, परमात्मा और मानवता के प्रति श्रद्धा एवं समर्पण का भाव प्रदर्शित किया गया। वहीं, बंगाली गीत ‘आय बृष्टि झेपे’ पर आधारित ‘एक बरसाती दिन’ प्रस्तुति में ग्रामीण जीवन, बारिश और बच्चों के सहज उल्लास को बेहद खूबसूरती से मंच पर उतारा गया। सभी प्रस्तुतियों में नृत्य, अभिनय, संगीत और भावाभिव्यक्ति का उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिला।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी उपस्थित रहे। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान, संस्कार भारती के अखिल भारतीय मंत्री डॉ. संजय चौधरी, पटना आर्ट कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. अजय पांडेय तथा भाजपा कला संस्कृति प्रकोष्ठ के संयोजक वरुण सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। विशेष अतिथि कलाकार नेताई चंद्रा सेट की सहभागिता ने भी आयोजन को खास बनाया।

महोत्सव का मंच संचालन किशोर केशव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विश्वबंधु थिएट्रिकल डांस फेस्टिवल के संयोजक एवं सुरांगन के सचिव जीतेंद्र चौरसिया ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, कलाकारों, सहयोगियों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

तीन दिवसीय इस महोत्सव का उद्देश्य गुरु विश्वबंधु की कला-साधना, उनके नृत्य प्रयोगों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना रहा। समारोह का समापन भारतीय नृत्य परंपरा, कला की रचनात्मकता और गुरु-शिष्य परंपरा के सम्मान के संदेश के साथ हुआ।