JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद संजय झा पहुंचे पटना, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत, कर दिया बड़ा एलान
 

 

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद राज्यसभा सदस्य संजय झा पहली बार गुरुवार को पटना पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं का उत्साह देख संजय झा भी काफी जोश में नजर आए और उन्होंने बड़ा एलान कर दिया।

संजय झा ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, हम अपने नेता माननीय नीतीश कुमार जी का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने मुझे बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है। बिहार में हम पार्टी का आधार बढ़ाएंगे। नीतीश कुमार जी के कामकाज को और बिहार मॉडल को दूसरे राज्यों में लेकर जाएंगे।

संजय झा ने एलान किया कि उनको फोस तीन राज्यों पर विशेष रूप से रहेगा। संजय झा ने कहा कि यूपी-दिल्ली और झारखंड में पार्टी का बेस बढ़ाने के लिए काम करेंगे।

संजय झा ने कहा कि लोकसभा चुनाव के रिजल्ट ने आपको सिग्नल दिखा दिया कि 2025 के विधानसभा में क्या होगा। लोकसभा चुनाव में 177 सीटों पर हम लोग लीड किए हैं। 2010 से भी ज्यादा सीटें 2025 में जीतेंगे। नीतीश कुमार जी हमेशा सरप्राइज देते हैं।

बता दें कि संजय झा के स्वागत की तैयारी में जदयू के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा राजधानी पटना में जगह-जगह पर पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं। उनके स्वागत की तैयारी पटना एयरपोर्ट से लेकर जदयू कार्यालय तक की गई है।

बता दें कि 29 जून को दिल्ली में जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में संजय झा को पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का फैसला लिया गया था।