लुंगी-टी-शर्ट में दिखे संजय मिश्रा, गांव के घर से वायरल हुआ वीडियो
बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में कुछ कलाकार ऐसे हैं जो बड़े स्टार बनने के बाद भी एकदम सिंपल जीवन जीते हैं. इन्हीं में एक एक्टर संजय मिश्रा भी हैं. संजय मिश्रा ने काफी संघर्ष के बाद करियर में नाम कमाया है. एक समय ऐसा था जब उन्हें छोटे-मोटे रोल मिलते थे. लेकिन अब एक्टर को लीड रोल मिलते हैं जिसमें वे अपनी कलाकारी से सभी का दिल जीत लेते हैं. आंखों देखी से लेकर अंग्रेजी में कहते हैं जैसी फिल्में इसका उदाहरण है. इसके अलावा वे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी उन्होंने अपने अभिनय से खुद को साबित किया है.
एक समय ऐसा था जब एक्टर के मुताबिक लोग उन्हें चेहरे से तो पहचान लेते थे लेकिन उनका नाम नहीं जानते थे. लेकिन आज उन्होंने स्टारडम हासिल कर लिया है. लेकिन इसके बाद भी एक्टर का अंदाज हमेशा की तरह सिंपल रहता है. उनका एक लेटेस्ट वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वे अपने पैतृक गांव दरभंगा पहुंचे हैं. यहां पर वे टी-शर्ट और लुंगी में एकदम सिंपल अंदाज में नजर आ रहे हैं.
वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे एक्टर गांव वालों के बीच बैठे हैं और सभी का हालचाल ले रहे हैं. उन्होंने पिंक कलर की टीशर्ट पहनी है और नीचे सफेद रंग की लुंगी पहनी हुई है. अपने घर पहुंचते ही वे किसी कुर्सी पर नहीं बल्कि घर की चौखट पर बैठकर आराम फरमा रहे हैं. वे बिंदास नीचे बैठे हुए हैं और अपनों से बातें करते नजर आ रहे हैं. कहा जा रहा है कि वे गांव में अपने घर की देख-रेख करने और परिजनों से मिलने के लिए गए हुए हैं. उनका ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उनकी सादगी की तारीफ करते नजर आ रहे हैं.