लालू और अखिलेश पर संजय सरावगी ने साधा निशाना, बोले- विपक्ष पहले बूथ लूटकर सरकार बनाता रहा है
बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का उद्देश्य मतदाता सूची में सुधार करना है. सूची से मृत लोगों, दो जगह नाम दर्ज होने वाले मतदाताओं और अयोग्य लोगों के नाम हटाने की प्रक्रिया जरूरी है. सरावगी ने आरोप लगाया कि विपक्ष चुनाव में हार के बाद SIR को मुद्दा बना रहा है. उन्होंने लालू यादव और अखिलेश यादव पर भी हमला बोला.
सरावगी ने कहा कि पहले भी राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों को मतदाता सूची के पुनरीक्षण से जुड़ी जानकारी दी जाती थी. अब इसकी सॉफ्ट कॉपी भी उपलब्ध कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की मंशा स्पष्ट है और प्रक्रिया का मकसद मतदाता सूची को दुरुस्त करना है. उन्होंने कहा कि सूची में दो जगह नाम या मृत मतदाताओं के नाम बने रहने जैसी गड़बड़ियों को दूर किया जाना चाहिए.
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्षी नेताओं पर आरोप लगाया कि वे SIR के बहाने राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने लालू यादव और अखिलेश यादव का नाम लेते हुए कहा कि विपक्ष चुनावी हार के बाद नए मुद्दे उठाता है. सरावगी ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्ष पहले बूथ लूटकर सरकार बनाता रहा है. सरावगी ने कहा चाहे अखिलेश यादव हो या लालू यादव हो, ये बूथ लूट कर सरकार बनाते रहे है. एसआईआर सिर्फ बहाना है.
संजय सरावगी ने कहा कि विपक्षी दल 2014 से लगातार चुनाव हार रहे हैं, जबकि बिहार में उन्हें 2005 से हार का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि हारने पर राम मंदिर और फर्जी हिंदुत्व और एसआईआर का मुद्दा उठाकर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश करते हैं.
सरावगी ने कहा कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी और सरकार किसी को नहीं छोड़ेगी. उन्होंने हालिया उपचुनाव का हवाला देते हुए विपक्ष पर तंज कसा. दावा किया कि विपक्ष का प्रदर्शन कमजोर रहा और कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल सकी.