बिहार के 38 जिलों में 17 नवंबर से शुरू होगी 'संकल्प संध्या', जानें इसकी खासियत
सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कमजोर और आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं की पढ़ाई मजबूत करने के लिए शिक्षा विभाग ने विशेष पहल की है. इसके तहत राज्य के सभी 38 जिला मुख्यालयों में 17 नवंबर से 'संकल्प संध्या' के नाम से निःशुल्क सांध्यकालीन कक्षाएं शुरू की जाएंगी
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की पहल पर शुरू हो रही इस व्यवस्था में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को पढ़ाई में अतिरिक्त सहयोग मिलेगा. इन कक्षाओं में विद्यार्थियों का होमवर्क पूरा कराने के साथ-साथ आगामी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएगी.
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने बताया कि 'संकल्प संध्या' का संचालन 17 नवंबर से लेकर अगले वर्ष 31 मार्च तक किया जाएगा. इसके लिए प्रत्येक जिला मुख्यालय में कम से कम एक और अधिकतम तीन सरकारी विद्यालयों का चयन किया जाएगा. इन विद्यालयों में शाम 5 बजे से 7:30 बजे तक कक्षाएं संचालित होंगी
विद्यार्थियों को इस विशेष व्यवस्था का लाभ पूरी तरह निःशुल्क मिलेगा.
''संध्याकालीन कक्षाओं में अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, कंप्यूटर साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की पढ़ाई पर विशेष जोर दिया जाएगा. विद्यार्थियों की जरूरत के अनुसार इन विषयों में उनकी कमजोरियों को दूर करने का प्रयास होगा. इसके लिए संबंधित सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध स्मार्ट बोर्ड और अन्य डिजिटल संसाधनों का भी इस्तेमाल किया जाएगा. विभाग का उद्देश्य अतिरिक्त कक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों की बुनियादी समझ विकसित करना और उन्हें परीक्षा के लिए बेहतर तरीके से तैयार करना है
इस व्यवस्था में सरकारी शिक्षकों के साथ सेवानिवृत्त अधिकारियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है. 70 वर्ष से कम आयु के इच्छुक सेवानिवृत्त आईएएस, बीएएस, बीईएस और अन्य सरकारी सेवाओं के अधिकारी स्वैच्छिक आधार पर विद्यार्थियों को पढ़ा सकेंगे. इसके लिए उन्हें जिला शिक्षा पदाधिकारी से अस्थायी अनुमति लेनी होगी. इच्छुक अधिकारी विद्यांजलि ऐप के माध्यम से भी अपना पंजीकरण करा सकते हैं. इस शैक्षणिक कार्य के लिए किसी तरह का मानदेय नहीं दिया जाएगा.
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि यह पहल सीमित संसाधनों में बेहतर शैक्षणिक परिणाम हासिल करने की दिशा में एक प्रयास है. इसका उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने के साथ जनभागीदारी के जरिए विद्यार्थियों की पढ़ाई को मजबूत बनाना है. विभाग को उम्मीद है कि ‘संकल्प संध्या’ कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग देने और उनकी पढ़ाई में सुधार लाने का प्रभावी माध्यम बनेगी.