लोकतंत्र की मजबूती और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए दरभंगा में निकली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा : संजय सरावगी
पटना: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दरभंगा में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मर्यादाओं और जन अधिकारों की रक्षा के प्रति एनडीए के दृढ़ संकल्प का प्रतीक बताया।
उन्होंने कहा कि माननीय केंद्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव जी के नेतृत्व में आयोजित इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में एनडीए के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि बिहार की जनता लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सरावगी ने कहा कि लोकतंत्र की जननी बिहार की धरती से निकला यह संदेश पूरे देश में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान का संदेश देगा। लोकतंत्र केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि संविधान की मर्यादा, जनता के अधिकारों और जनादेश के सम्मान से संचालित होने वाली व्यवस्था है।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र की दुहाई देने वाले विपक्ष को पहले लोकतंत्र की वास्तविक भावना को समझना चाहिए। लोकतंत्र किसी की मनमानी, राजनीतिक स्वार्थ और सियासी हंगामे से नहीं, बल्कि संविधान की मर्यादा और जनता के जनादेश से चलता है। संवैधानिक संस्थाओं पर अनावश्यक सवाल उठाकर जनता को भ्रमित करने की राजनीति लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुकूल नहीं है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा और एनडीए का संकल्प लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करना, संविधान की गरिमा बनाए रखना और जनता के अधिकारों की रक्षा करना है। दरभंगा की इस पदयात्रा में कार्यकर्ताओं का उत्साह और आम लोगों की भागीदारी इसी संकल्प की व्यापक स्वीकार्यता को दर्शाती है।
उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए सभी एनडीए नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।