‘बिरसा लिव्स इन न्यू भारत’ के साथ छात्रवृत्ति योजना की शुरुआत, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया शुभारंभ
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत और समृद्ध बिहार के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई यह छात्रवृत्ति योजना शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे शिक्षा के माध्यम से अपने सपनों को साकार कर सकें।
मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2026 उनके 150वें जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसकी शुरुआत पिछले वर्ष 15 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई थी। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने देश की आजादी और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए अद्भुत संघर्ष किया था।
उन्होंने कहा कि अंग्रेजी शासन के खिलाफ आंदोलन करने के कारण बिरसा मुंडा को जेल में यातनाएं सहनी पड़ीं, लेकिन उन्होंने कभी अपने संघर्ष का मार्ग नहीं छोड़ा। मुख्यमंत्री ने उन्हें आदिवासी समाज का महानायक बताते हुए कहा कि उनका जीवन और संघर्ष आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रवृत्ति योजना के लाभुकों से संवाद कर उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, कौशल विकास और सामाजिक सशक्तिकरण के माध्यम से अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदायों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है।