गिरिराज सिंह और नितिन नवीन की सुरक्षा बढ़ी, तेजस्वी यादव समेत कई दिग्गजों की सुरक्षा घटी
बिहार सरकार के गृह विभाग ने राज्य के कई बड़े नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। 16 जनवरी 2026 को हुई उच्च स्तरीय बैठक के बाद मंगलवार को इसका आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया। इस आदेश के तहत सत्ता पक्ष के 13 नेताओं की सुरक्षा बढ़ाई गई है, जबकि विपक्ष के कई प्रमुख नेताओं समेत 5 नेताओं की सुरक्षा घटा दी गई है। इसके अलावा तीन नेताओं की सुरक्षा पूरी तरह खत्म कर दी गई है।
सत्ता पक्ष और केंद्रीय मंत्रियों की सुरक्षा हुई मजबूत
सरकार ने सत्ता पक्ष और केंद्रीय मंत्रियों की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला लिया है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को अब ‘वाई प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा मिलेगी और उनके साथ एक एस्कॉर्ट गाड़ी भी रहेगी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को ‘जेड’ स्तर और बीआर वैकिल श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह), भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय को भी अब ‘जेड’ श्रेणी की कड़ी सुरक्षा मिलेगी।
विपक्षी नेताओं की सुरक्षा में कटौती
सुरक्षा समीक्षा के बाद कई बड़े विपक्षी नेताओं की सुरक्षा घटा दी गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सुरक्षा ‘जेड’ से घटाकर ‘वाई प्लस’ कर दी गई है, हालांकि उनकी एस्कॉर्ट गाड़ी बनी रहेगी।
टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा की सुरक्षा ‘जेड’ से घटाकर ‘वाई’ कर दी गई है। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार की सुरक्षा ‘वाई प्लस’ से सीधे ‘एक्स’ श्रेणी में कर दी गई।
पूर्व सांसद पशुपति पारस और पूर्व विधायक शकील अहमद की सुरक्षा भी ‘वाई’ से घटाकर ‘एक्स’ कर दी गई है।
सांसदों और विधायकों को नई सुरक्षा
नवादा सांसद विवेक ठाकुर और जमुई सांसद अरुण भारती को अब ‘वाई प्लस’ सुरक्षा मिलेगी। AIMIM विधायक अख्तरूल ईमान, मधुबनी विधायक नीतीश मिश्रा और भोजपुर विधायक भगवान सिंह कुशवाहा को ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा दी गई है।
जदयू विधान पार्षद संजय कुमार सिंह को ‘वाई’ सुरक्षा के साथ अब एस्कॉर्ट गाड़ी भी मिलेगी। जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन और पूर्व विधायक ई. सुनील कुमार को ‘एक्स’ श्रेणी की सुरक्षा दी गई है।
तीन नेताओं की सुरक्षा पूरी तरह हटाई गई
गृह विभाग ने तीन बड़े नेताओं की सुरक्षा पूरी तरह खत्म कर दी है। इनमें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और विधान पार्षद मदन मोहन झा और राजद नेता व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी शामिल हैं।
तुरंत लागू होंगे नए आदेश
गृह विभाग ने पुलिस महानिदेशक और विशेष शाखा के आईजी को आदेश दिया है कि नई सुरक्षा व्यवस्था को तुरंत लागू किया जाए।
इस फैसले के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सत्ता और विपक्ष दोनों खेमों में इस बदलाव को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।