दिल्ली अनुसूचित जाति कमीशन के सदस्य समेत कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और AIMIM के कई समर्थकों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की 

 

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा की उपस्थिति में आज अनुसूचित जाति कमीशन के सदस्य, पश्चिमी दिल्ली से कांग्रेस नेताओं, आम आदमी पार्टी के बड़े पदाधिकारियों, ए.आई.एम.आई.एम के सदस्य आदि ने अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी को पार्टी का पटका पहनाकर पार्टी में शामिल कराया।

प्रदेश मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर द्वारा संचालित प्रेसवार्ता में कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग, जिला अध्यक्ष सत्यनारायण गौतम, पूर्व राष्ट्रीय मंत्री आरती मेहरा, पूर्व जिला अध्यक्ष विजय सोलंकी, मीडिया रिलेशन विभाग प्रमुख विक्रम मित्तल, प्रकोष्ठों के प्रभारी अशोक ठाकुर, कार्यालय मंत्री बृजेश राय एवं अमित गुप्ता सहित अन्य उपस्थित थे।  

आरती मेहरा ने आज पार्टी में शामिल हो रहे सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का परिचय सबके समक्ष रखा।
आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के पदाधिकारियों में मुख्य रुप से रनहोला से पूर्व निगम पार्षद सुरेश पहलवान, दिल्ली सरकार की अनुसूचित जाति कमीशन के सदस्य दुलीचंद, रंनहोला से 2022 में निगम प्रत्याशी रहीं कृष्णा सहरावत, स्वराज इंडिया पार्टी की ओर से निर्दलीय चुनाव प्रत्याशी रहे एवं वर्तमान में "आप" के रिठाला विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज मालिक, कांग्रेस निगम प्रत्याशी रहे रोहित शर्मा,  निर्दलीय निगम प्रत्याशी रहे अमरीश कुमार, AIMIM के नेता परवेज आलम, "आप" युवा मोर्चा अध्यक्ष विकास गोयल, पूर्वांचल मोर्चा समाज से "आप" नेता राजेश झा, रजक समाज से "आप" नेता बच्चन, आप नेता  प्यारे लाल शर्मा सहित अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। 

इस मौके पर वीरेन्द्र सचदेवा ने सभी का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि आज जिन लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की उन लोगों से बात करने के बाद पता चला कि आम आदमी पार्टी के लोगों में एक अजीब पीड़ा है और इसलिए वे पद पर होने के बावजूद पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होना पसंद कर रहे हैं। आगे उन्होंने कहा कि दिल्ली की अरविंद केजरीवाल की सरकार का भ्रष्टाचार सामने लाने का जज्बा और सेवार्थ भाव से भाजपा में शामिल होने वाले आम आदमी पार्टी के लोगों का सिर्फ विश्वास ही नहीं टूटा है बल्कि वे आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी से चाहे युवा, किसान, गरीब या फिर आम आदमी पार्टी के स्वयं कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल सरकार की लगातार भ्रष्टाचारी रवैये से पूरी तरह से नाखुश हैं क्योंकि उन्हें एक स्वच्छ और ईमानदार राजनीति का सपना अरविंद केजरीवाल ने दिखाया था और आज ठीक उसके विपरित परिणाम देखने को मिले हैं। उन्होंने कहा कि आज जितने लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है उनमे हज़ारों वोट प्राप्त किए हुए चुनाव लड़े प्रत्याशी है। इसलिए अरविंद केजरीवाल ने सिर्फ उनके साथ ही नहीं बल्कि उन्हें वोट करने वाले परिवार के साथ भी धोखा किया है।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के अंदर विकास का बयार चल रहा है और आने वाले समय में लोकसभा चुनाव में दिल्ली के सातों सीटें भाजपा जीतकर प्रधानमंत्री को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प दिल्लीवासी ले चुके हैं।