अमित शाह से मुलाकात पर नीतीश पर बरसे शिवानंद तिवारी, बोले– “सत्ता की साधना में और कितना लुढ़केंगे?”

 

Bihar Politics: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पटना में हुई मुलाकात को लेकर अब राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। राजद नेता और वरिष्ठ समाजवादी नेता शिवानंद तिवारी ने इस मुलाकात पर तीखा हमला बोला है।

“एक और पायदान नीचे लुढ़क गए नीतीश जी”

शिवानंद तिवारी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा– “एक और पायदान नीचे लुढ़के नीतीश जी। अमित शाह से मिलने उनके होटल पहुँचे। सत्ता की साधना में और कितना लुढ़केंगे! मोदी जी का चरण वंदना तक तो मामला पहुँच ही गया है। अब अमित शाह की बारी है। कल उसी दिशा में नीतीश जी ने कदम बढ़ा दिया है।”

उनकी यह टिप्पणी सीधे तौर पर नीतीश कुमार की राजनीतिक प्रतिबद्धता और सिद्धांतों पर सवाल खड़ा करती है।

मुलाकात में कौन-कौन रहे मौजूद

गुरुवार को पटना के एक होटल में हुई इस अहम बैठक में नीतीश कुमार के साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और बिहार सरकार के मंत्री विजय चौधरी भी मौजूद रहे।

बताया जा रहा है कि इस बैठक में सीट बंटवारे समेत बिहार विधानसभा चुनाव से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। संभावना जताई जा रही है कि अक्टूबर के पहले सप्ताह में एनडीए की ओर से बड़ी घोषणा हो सकती है।

मुलाकात की ‘परंपरा’ पर उठे सवाल

दरअसल, आमतौर पर यह देखा गया है कि जब गृह मंत्री किसी राज्य के दौरे पर आते हैं तो मुख्यमंत्री से मिलने उनके आवास पर जाते हैं। लेकिन इस बार स्थिति उलट दिखी—नीतीश कुमार खुद अमित शाह के होटल पहुंचे। इसी को लेकर शिवानंद तिवारी ने नीतीश पर व्यंग्य कसा।

नीतीश-लालू-शिवानंद का पुराना रिश्ता

गौरतलब है कि एक दौर में नीतीश कुमार, लालू प्रसाद यादव और शिवानंद तिवारी एक ही राजनीतिक धड़े का हिस्सा थे। बाद में नीतीश के अलग होने पर कुछ समय के लिए शिवानंद उनके साथ भी जुड़े, लेकिन अंततः वे फिर से राजद में लौट आए। अब वे लगातार नीतीश पर हमलावर बने हुए हैं।