‘अपनापन’ के बहाने मोदी नेतृत्व की चर्चा, शिवराज सिंह चौहान की पुस्तक लोकार्पण में शामिल हुए मंत्री श्रवण कुमार

 
Political News: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पुस्तक ‘अपनापन – नरेंद्र मोदी संग मेरे अनुभव’ का मंगलवार को नई दिल्ली के पूसा परिसर स्थित भारत रत्न सी. सुब्रमण्यम सभागार में भव्य लोकार्पण किया गया। इस विशेष अवसर पर बिहार सरकार के ग्रामीण विकास, सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री तथा जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार भी शामिल हुए।

कार्यक्रम में पुस्तक का विमोचन पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा और पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने किया। समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से आए जनप्रतिनिधि, कृषि विशेषज्ञ, बुद्धिजीवी और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस अवसर पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि यह पुस्तक केवल व्यक्तिगत अनुभवों का संग्रह नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, कार्यशैली और जनकल्याणकारी सोच को करीब से समझने का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में सुशासन, सेवा और गरीब कल्याण की राजनीति को नई दिशा दी है, जिसका प्रभाव गांवों और किसानों के जीवन में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि बिहार में भी सरकार ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय और किसानों की समृद्धि को लेकर लगातार काम कर रही है। राज्य में विकास की योजनाओं को गति देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के संयुक्त प्रयासों से कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों, नवाचारों और नई संभावनाओं को बढ़ावा मिल रहा है। किसानों तक अनुसंधान और तकनीकी जानकारी पहुंचाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है, और सरकार इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

श्रवण कुमार ने कहा कि पूसा जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रम नीति निर्माण और उसके प्रभावी क्रियान्वयन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने ग्रामीण युवाओं को रोजगार से जोड़ने, स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने और कृषि आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के विशेष निमंत्रण पर मंत्री श्रवण कुमार इस कार्यक्रम में शामिल हुए। समारोह में विभिन्न राज्यों के मंत्री, सांसद और कई प्रमुख सार्वजनिक प्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही, जिससे यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर का महत्वपूर्ण कार्यक्रम बन गया।