बिहार में बाढ़ राहत को लेकर श्रवण कुमार का बड़ा बयान, बोले- आपदा में राजनीति नहीं, जनता की मदद जरूरी

 

Bihar Political News: बिहार में बाढ़ से प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक प्रशासन की टीम लगातार पहुंच रही है और जरूरत के मुताबिक राहत एवं बचाव कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि प्रभावित परिवारों को किसी तरह की परेशानी न हो और उन्हें जरूरी मदद समय पर उपलब्ध कराई जाए।

नेता प्रतिपक्ष को दी जमीनी स्थिति देखने की सलाह

बाढ़ की स्थिति को लेकर मंत्री श्रवण कुमार ने नेता प्रतिपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं को भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर मौके की वास्तविक स्थिति देखनी चाहिए। यदि कहीं लोगों को परेशानी हो रही है तो उसकी जानकारी सरकार तक पहुंचाने के साथ-साथ व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी दिए जाने चाहिए।

श्रवण कुमार ने कहा कि आपदा की घड़ी में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से ज्यादा जरूरी आम लोगों की मदद करना है। सभी राजनीतिक दलों को राजनीति से ऊपर उठकर प्रभावित लोगों के साथ खड़ा होना चाहिए।

दिल्ली हादसे पर जताया दुख

दिल्ली में इमारत गिरने की घटना पर ग्रामीण विकास मंत्री ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इसे बेहद दर्दनाक हादसा बताते हुए प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना जताई और ईश्वर से पीड़ित परिवारों को इस मुश्किल समय में मजबूती देने की प्रार्थना की।

जर्जर इमारतों पर सरकार गंभीर

बिहार में जर्जर और असुरक्षित भवनों को लेकर पूछे गए सवाल पर श्रवण कुमार ने कहा कि सरकार इस विषय को गंभीरता से देख रही है। उन्होंने बताया कि बिल्डिंग बायलॉज को लेकर बैठक हो चुकी है और इस संबंध में लोगों से सुझाव भी लिए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि भवन निर्माण से जुड़े नियमों को और प्रभावी बनाया जाए, जिससे भविष्य में सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को कम किया जा सके।

MLC चुनाव और अनंत सिंह के सवाल पर क्या बोले?

एमएलसी चुनाव और अनंत सिंह से जुड़े सवालों पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि इस मामले में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से विस्तृत जानकारी दी जाएगी। उन्होंने पार्टी के भीतर किसी तरह के मतभेद या परेशानी की बात को खारिज करते हुए कहा कि सभी नेता मिलकर काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता एकजुट हैं और आपसी समन्वय के साथ जेडीयू के साथ-साथ एनडीए को भी मजबूत करने का काम किया जा रहा है।