गयाजी में स्वच्छता पर सख्ती: नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया ने वार्ड 32 का किया औचक निरीक्षण

 

Gaya News: गयाजी शहर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। इसी कड़ी में नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया ने बुधवार सुबह अचानक वार्ड संख्या-32 में स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ नगर निगम के वरीय और कनिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। औचक निरीक्षण से निगम कर्मियों में हड़कंप मच गया और सफाई व्यवस्था की असली तस्वीर सामने आई।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने मुख्य सड़कों, अंदरूनी गलियों, नालों और सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति देखी। कई जगहों पर गंदगी मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तुरंत सफाई कराने के निर्देश दिए। वहीं खुले में कचरा फेंकने और गंदगी फैलाने वालों पर मौके पर ही कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी लगाया गया।

अधिकारियों को रोज दो घंटे निरीक्षण का निर्देश

नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया ने साफ कहा कि स्वच्छता के मामले में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि अब नगर निगम के सभी अधिकारी अपने-अपने वार्डों में सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए जिम्मेदार होंगे।
उप नगर आयुक्त, सिटी मैनेजर, स्वच्छता पदाधिकारी, जूनियर और असिस्टेंट इंजीनियर, टाउन प्लानर सहित सभी संबंधित अधिकारियों को रोजाना सुबह कम से कम दो घंटे वार्डों में जाकर सफाई कार्यों का निरीक्षण करना होगा।

निरीक्षण के दौरान सफाईकर्मियों की उपस्थिति, नालों की नियमित सफाई, कचरा उठाव, सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति और सफाई एजेंसियों के काम की रोजाना समीक्षा की जाएगी। नगर आयुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मी या एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

रिपोर्टिंग और निगरानी होगी सख्त

नगर आयुक्त ने कहा कि सभी निरीक्षणों की रिपोर्ट प्रतिदिन नगर निगम मुख्यालय में जमा की जाएगी, ताकि सफाई व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा सके। साथ ही उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि वे शहर को स्वच्छ रखने में नगर निगम का सहयोग करें, कचरा निर्धारित जगह पर ही डालें और सार्वजनिक स्थानों को गंदा न करें।

नगर आयुक्त के इस सख्त कदम से साफ है कि आने वाले दिनों में गयाजी की स्वच्छता व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।