अनंत सिंह के निष्कासन पर सुधाकर सिंह का बड़ा बयान, बोले- एक-दो साल में खत्म हो जाएगी JDU, नीतीश कुमार की पकड़ कमजोर
मोकामा विधायक अनंत सिंह को जनता दल यूनाइटेड (JDU) से छह साल के लिए निष्कासित किए जाने के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। पार्टी के भीतर बढ़ती खींचतान के बीच विपक्षी दलों ने भी इस पूरे घटनाक्रम पर नजरें जमा दी हैं। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद सुधाकर सिंह ने जेडीयू की मौजूदा स्थिति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने पार्टी में जारी घमासान के पीछे की वजह बताते हुए दावा किया कि आने वाले एक-दो साल में जेडीयू समाप्त हो सकती है।
सुधाकर सिंह ने नीतीश कुमार की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा कि नीतीश कुमार शारीरिक रूप से तो ठीक हैं, लेकिन मानसिक रूप से बीमार हैं। उनके मुताबिक, इसी वजह से पार्टी पर नीतीश कुमार की पकड़ कमजोर हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में उनके नीचे के पदाधिकारी बंदरबांट में लगे हुए हैं और संगठन लगातार कमजोर हो रहा है। सुधाकर सिंह ने कहा कि अगर यही स्थिति बनी रही, तो एक-दो साल के भीतर जेडीयू का अस्तित्व खत्म हो सकता है।
वहीं, अनंत सिंह को पार्टी से निकाले जाने के सवाल पर आरजेडी सांसद ने कहा कि बिहार की राजनीति में अनंत सिंह जैसे नेताओं की उपयोगिता बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल आते-जाते रहते हैं, लेकिन अनंत सिंह की अपनी राजनीतिक ताकत है। उनके मुताबिक, बिहार की राजनीति और राजनीतिक दल अस्थायी हैं, जबकि अनंत सिंह का प्रभाव बना रहेगा।
सुधाकर सिंह ने यह भी कहा कि अनंत सिंह फिलहाल आरजेडी के साथ नहीं हैं, लेकिन उनके समर्थकों की संख्या काफी है। उन्होंने संभावना जताई कि जन सुराज के साथ घूमने के कारण भविष्य में जन सुराज उन्हें अपने साथ जोड़ सकता है।
आरजेडी सांसद ने अनंत सिंह की चुनावी ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि वह निर्दलीय चुनाव जीतकर आते हैं। जनता ने उन्हें ताकत दी है। किसी निर्वाचित जनप्रतिनिधि को कमजोर बताना लोकतांत्रिक सोच के खिलाफ होगा। सुधाकर सिंह के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में नए सियासी समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।