कुलाधिपति से मिले शिक्षकों के प्रतिनिधि, FDP आयोजन के निर्देशों पर पुनर्विचार का मिला आश्वासन

आज महामहिम कुलाधिपति महोदय से मुलाकात कर FDP (Faculty Development Programme) के आयोजन से संबंधित राज्यपाल सचिवालय द्वारा जारी पत्र के संदर्भ में विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय के शिक्षकों की भावनाओं से अवगत कराया
 

आज महामहिम कुलाधिपति महोदय से मुलाकात कर FDP (Faculty Development Programme) के आयोजन से संबंधित राज्यपाल सचिवालय द्वारा जारी पत्र के संदर्भ में विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय के शिक्षकों की भावनाओं से अवगत कराया। उक्त पत्र में प्रमंडलीय आयुक्त को मुख्य अतिथि नामित करने तथा कार्यक्रम का आयोजन प्रमंडलीय मुख्यालय में ही करने का निर्देश दिया गया है।

विश्वविद्यालय के अकादमिक वातावरण, स्वायत्त गरिमा एवं प्रतिष्ठा को अक्षुण्ण बनाए रखने के दृष्टिगत अपने पूर्व पत्र के आलोक में इन निर्देशों पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया। महामहिम ने इस विषय में आवश्यक सुधार करने का सकारात्मक आश्वासन दिया।

इसके अतिरिक्त, सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति हेतु गठित समिति की अनुशंसाओं को शीघ्र अंतिम रूप देकर अविलंब लागू करने, नियुक्ति प्रक्रिया में उम्र-सीमा सहित अन्य प्रावधानों के माध्यम से बिहार के अभ्यर्थियों के हितों का समुचित संरक्षण सुनिश्चित करने तथा अतिथि प्राध्यापकों के समायोजन एवं उनके मानदेय को राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में नियुक्त संविदा-आधारित प्राध्यापकों के समकक्ष करने के लिए राज्य सरकार से आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।