Tej Pratap Yadav Security: तेज प्रताप यादव को मिली Y-Plus श्रेणी की सुरक्षा, CRPF संभालेगी सुरक्षा का जिम्मा
Bihar news: राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (JJD) के संस्थापक तेज प्रताप यादव को अब केंद्र सरकार की ओर से Y-Plus कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश के बाद अब CRPF की एक विशेष टीम तेज प्रताप यादव की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेगी।
यह कदम सुरक्षा एजेंसियों की उस रिपोर्ट के बाद उठाया गया है जिसमें तेज प्रताप यादव की सुरक्षा को लेकर संभावित खतरे की आशंका जताई गई थी।
निर्वाचन आयोग में दी थी सुरक्षा बढ़ाने की मांग
कुछ दिन पहले तेज प्रताप यादव निर्वाचन आयोग पहुंचे थे, जहां उन्होंने बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था- “बिहार में हालात ऐसे हैं कि कब, कहां से हमला हो जाए, कहा नहीं जा सकता।” उसी दौरान तेज प्रताप ने अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी, जिसे अब केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है।
JJD प्रत्याशी विवाद को लेकर पहुंचे थे आयोग
तेज प्रताप यादव अपने दल जनशक्ति जनता दल (JJD) के प्रत्याशी विवाद को लेकर आयोग पहुंचे थे। उन्होंने शिकायत की थी कि उनकी पार्टी के प्रत्याशी श्याम किशोर चौधरी ने पार्टी से बिना अनुमति महागठबंधन और वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी का समर्थन ले लिया।
तेज प्रताप ने इसे चुनाव चिह्न (सिंबल) के दुरुपयोग का मामला बताते हुए उम्मीदवार का नामांकन रद्द करने की मांग की थी।
निर्वाचन आयोग ने उन्हें इस संबंध में पार्टी के लेटरहेड पर लिखित शिकायत देने के निर्देश दिए।
क्या होती है Y-Plus कैटेगरी की सुरक्षा?
Y-Plus सुरक्षा देश की उच्च स्तर की VIP सुरक्षा श्रेणियों में से एक है।
इसमें कुल 11 सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाते हैं:
• 6 Personal Security Officers (PSO) तीन शिफ्ट में साथ रहते हैं
• 5 सुरक्षाकर्मी स्थायी रूप से आवास पर तैनात रहते हैं
यह सुरक्षा केंद्रीय गृह मंत्रालय की विशेष सूची में शामिल VIP व्यक्तियों को ही दी जाती है, जिन पर खतरे का स्तर मध्यम से अधिक माना जाता है।
वैशाली में हुआ था तेज प्रताप के काफिले पर हमला
कुछ दिन पहले वैशाली जिले में चुनाव प्रचार के दौरान तेज प्रताप यादव के काफिले पर पथराव हुआ था। हालांकि उन्हें चोट नहीं आई थी, लेकिन इस घटना के बाद से उनकी सुरक्षा को लेकर एजेंसियां अलर्ट हो गई थीं।
राजनीतिक हलचल भी तेज
तेज प्रताप यादव को Y-Plus सुरक्षा मिलने के बाद बिहार की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। राजद समर्थक इसे “जरूरी सुरक्षा कदम” बता रहे हैं, जबकि कुछ विपक्षी दलों का कहना है कि यह “राजनीतिक प्रभाव का नतीजा” है।
हाल ही में तेज प्रताप भाजपा सांसद रवि किशन से भी मिले थे। दोनों के बीच सामाजिक मुद्दों पर बातचीत हुई, जिसके बाद उनके बयान और मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी थी।