तेजस्वी बोले- शकुनि जब पासा फेंकता, तो बेईमानी होती, यूपी चुनाव में बीजेपी को भगाएंगे

SIR के खिलाफ और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर रविवार को दिल्ली में INDIA ब्लॉक की रैली है।
 

SIR के खिलाफ और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर रविवार को दिल्ली में INDIA ब्लॉक की रैली है। बिहार से तेजस्वी यादव, कांग्रेस सांसद अखिलेश सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव समेत कई नेता महारैली में शामिल हैं।

रैली को संबोधित करते हुए राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि देश सब कुछ देख रहा है। संवैधानिक संस्थाएं काम नहीं कर रही हैं। ज्ञानू, मोदी जी की सुनोगे या देश की जनता की सुनोगे? देश के लोकतंत्र को मिट्टी में मिलने नहीं देंगे। हम बिहारी हैं, मिटने नहीं देंगे। यूपी के चुनाव में भाजपा को हराकर रहेंगे।

तेजस्वी ने आगे कहा कि हमने आज वोट चोरों के खिलाफ महाभारत का आयोजन किया है। आज शकुनी अपना खेल खेल रहे हैं तो हमें कुरुक्षेत्र में उतरना पड़ रहा है।

कहा कि सब लोग इतिहास जानते हैं कि महाभारत की शुरुआत जुआ से हुई थी न कि रणभूमि से हुई थी। जब अब शकुनि अपना खेल खेल रहा है तो कुरुक्षेत्र को बनाना पड़ रहा है। कुरुक्षेत्र में लड़ाई लड़नी पड़ेगी। सब लोगों को कहना चाहते हैं शकुनि जब पासा फेंकता था, तो उसका पासा वही करता था जो शकुनी कहता था। यानी बेईमानी होती थी। लेवल प्लेइंग फील्ड नहीं होता था। तो आज शकुनी कौन है? अब पासा कौन है? ये ज्ञानेश कुमार है। इन पर तो देश द्रोह का मुकदमा चलना चाहिए।

इन पर देशद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए, ताकि किसी व्यक्ति में हिम्मत न हो कि वह हमारे देश के लोकतंत्र को खत्म कर सके।

कुछ लोग लोग तय कर रहे हैं कि देश में कौन वोट देगा और कौन नहीं। देश देख रहा है कि संवैधानिक संस्थाएं न्याय नहीं कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को जेल के अंदर भेजना चाहिए। ताकि आगे किसी भी व्यक्ति में हिम्मत ना हो कि हमारे देश के लोकतंत्र को खत्म कर सके। हमारे देश के लोकतंत्र को कुचल सके और हमारे संविधान के साथ छेड़छाड़ कर सके। उन्होंने कहा कि बिहार से इसकी शुरुआत की गई लेकिन उससे पहले से ही इन लोगों ने रणनीति बनाने का काम किया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के सॉफ्टवेयर में घोटाला हुआ है, जो सेटिंग गेटिंग हुई है। टीसीएस के सॉफ्टवेयर का टेंडर हुआ या नहीं? इसका खुलासा होना चाहिए। टेंडर किया तो डॉक्यूमेंट कहां है? कागजात कहां है? इसको बताने का काम करना चाहिए।