प्रधानमंत्री के बिहार दौरे से पहले तेजस्वी का हमला, बोले- लोकतंत्र को कुचलने वाले बिहार आ रहे हैं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे से पहले राज्य की सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में लोकतंत्र को कुचलने वाले प्रधानमंत्री अब यहां आ रहे हैं। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि सिर्फ फीता काटने से जनता का भला नहीं होने वाला है।
तेजस्वी यादव ने कच्ची दरगाह-सिक्सलेन पुल परियोजना का जिक्र करते हुए इसके श्रेय को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि इस परियोजना की शुरुआत महागठबंधन सरकार के कार्यकाल में हुई थी, लेकिन अब प्रधानमंत्री इसका उद्घाटन कर श्रेय लेने आ रहे हैं। तेजस्वी ने कहा कि काम उनकी सरकार ने किया और अब प्रधानमंत्री उसका फीता काटने पहुंच रहे हैं।
रोजगार के मुद्दे पर तेजस्वी ने पांच लाख नौकरियां देने का दावा किया। उन्होंने कहा कि सरकार को महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे बुनियादी सवालों का जवाब देना चाहिए। अगर देश में बेरोजगारी और महंगाई खत्म हो जाती, तो लोगों को सरकार से सवाल पूछने की जरूरत ही नहीं पड़ती।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'दिमागी नक्सली' वाले बयान पर भी तेजस्वी ने पलटवार किया। उन्होंने हाथ जोड़कर तंज कसते हुए कहा कि अगर बेरोजगारी और महंगाई खत्म कर दी गई होती, तो लोग सवाल ही नहीं पूछते।
तेजस्वी यादव ने अपने 37वें जन्मदिन के मौके पर प्रधानमंत्री के बिहार दौरे को लेकर भी निशाना साधा। उनके बयान के बाद प्रधानमंत्री के दौरे से पहले बिहार में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।