राज्यसभा चुनाव के बीच तेजस्वी यादव ने डाला वोट, बोले—महागठबंधन की जीत तय; सम्राट चौधरी ने दिखाया विक्ट्री साइन

 
Bihar Political News: बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर जारी मतदान के बीच सोमवार सुबह राजनीतिक हलचल तेज हो गई। नेता प्रतिपक्ष तेजश्वी यादव कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन के साथ बिहार विधान सभा पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

विधानसभा पहुंचने के बाद तेजस्वी यादव ने महागठबंधन की एकजुटता का दावा करते हुए कहा कि सभी विधायक साथ हैं और चुनाव में महागठबंधन की जीत तय है।

कांग्रेस का दावा—सभी विधायक एकजुट

इस दौरान कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन ने भी कहा कि पार्टी के सभी विधायक एकजुट हैं। उन्होंने बताया कि दो विधायक उम्र संबंधी कारणों से पहले नहीं पहुंच सके थे, लेकिन वे भी मतदान के लिए आ रहे हैं।

जब उनसे पूछा गया कि कुछ विधायकों के एनडीए के संपर्क में होने की चर्चा है, तो उन्होंने जवाब दिया कि एनडीए के कई विधायक भी महागठबंधन के संपर्क में हैं और मुकाबला बराबरी का चल रहा है।

सम्राट चौधरी ने दिखाया जीत का इशारा

इसी बीच बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी विधानसभा पहुंचे और मीडिया के सामने विक्ट्री साइन दिखाते नजर आए, जिससे सत्ताधारी खेमे का आत्मविश्वास साफ दिखाई दिया।

मतदान के दौरान कई वरिष्ठ विधायक भी सदन पहुंचे। वहीं चनपटिया से राजद विधायक अनिता देवी ने भी अपना वोट डाला। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार भी मतदान प्रक्रिया के लिए सदन पहुंच चुके हैं।

गौरतलब है कि बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में हैं। विधानसभा के सभी 243 विधायक अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं और शाम को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। ऐसे में आज का दिन बिहार की राजनीति के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।