मतगणना में देरी पर भड़के तेजस्वी यादव, बोले- हमारे प्रत्याशी को हराने की कोशिश...

बिहार विधान परिषद की दरभंगा स्नातक सीट की मतगणना के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है. राजद नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं.
 

बिहार विधान परिषद की दरभंगा स्नातक सीट की मतगणना के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है. राजद नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं.

उन्होंने आरोप लगाया कि उनके प्रत्याशी को हराने के लिए करीब 10 प्रतिशत मतों को अवैध घोषित किया गया है. तेजस्वी ने दूसरी वरीयता के मतों की गिनती में देरी पर भी आपत्ति जताई. उन्होंने चुनाव आयोग से मतगणना में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की है.

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने लिखा, “दरभंगा स्नातक क्षेत्र से मतगणना में लगभग 10% मत अवैध घोषित किए हैं ताकि हमारे उम्मीदवार को हरा सके.”

उन्होंने आगे कहा कि 24 घंटे बीतने के बाद भी दूसरी वरीयता के मतों की गिनती में देरी हो रही है. तेजस्वी ने आरोप लगाया कि जहां भाजपा चुनाव हारने लगती है, वहां चुनाव आयोग उसके निर्देशों पर काम करने लगता है.

तेजस्वी ने चुनाव आयोग से मतगणना की प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की अपील की. हालांकि, मतों को अवैध घोषित करने और किसी प्रत्याशी को हराने की कोशिश के उनके आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी सर्वेश कुमार और राजद समर्थित प्रत्याशी अनिल कुमार झा के बीच कड़ा मुकाबला चल रहा है.