पीएम की मां पर विवादित बयान को लेकर तेजस्वी का पलटवार, कहा- सदन में मेरी मां-बहन को गालियां दीं, तब पीएम मोदी कहां थे?
माँ को लेकर विवाद पर बयान- कहा, किसी की भी मां के लिए अपशब्द हमारे संस्कार में नहीं
भाजपा पर पलटवार- आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने खुद कई बार परिवार और नेताओं पर अभद्र टिप्पणी की
तेजस्वी का मोदी पर तंज- विदेश में ठहाके, भारत आकर आंसू- जनता सब समझ रही है
Patna: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सूबे की सियासत में जबरदस्त हलचल मची हुई है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की अगुवाई में हुई वोटर अधिकार यात्रा का पटना में समापन तो हो गया, लेकिन इसके बाद विवादों का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सबसे बड़ा विवाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी का है, जिसने राजनीतिक माहौल को पूरी तरह गर्मा दिया है।
बीजेपी ने इस मामले को बड़ा मुद्दा बना दिया है और गुरुवार को बिहार बंद का ऐलान भी कर दिया। खुद प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर सीधा हमला बोला।
तेजस्वी यादव का पलटवार
अब इस पूरे मामले पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मोर्चा संभालते हुए पीएम मोदी को जवाब दिया है। तेजस्वी ने कहा, “मां, मां होती हैं, चाहे किसी की भी हों। मां शब्द लेते ही सुकून मिलता है। किसी भी मां के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना हमारे संस्कार में नहीं है।”
तेजस्वी ने पीएम मोदी को उनके ही पुराने भाषणों की याद दिलाते हुए कहा कि कर्नाटक चुनाव प्रचार में मोदी ने 50 करोड़ की गर्लफ्रेंड वाला बयान दिया था। उन्होंने सोनिया गांधी और नीतीश कुमार के खिलाफ भी अपशब्दों का इस्तेमाल किया था।
भाजपा पर सीधा वार
तेजस्वी ने भाजपा विधायकों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सदन में भाजपा के नेता उनकी मां-बहन तक को गालियां दे चुके हैं। यहां तक कि उनकी पार्टी की प्रवक्ता सारिका पासवान पर अभद्र टिप्पणी करने वाले को भाजपा ने अपने दल में शामिल कर सम्मानित किया था। तेजस्वी ने सवाल उठाया, “तब प्रधानमंत्री मोदी चुप क्यों थे? तब उन्होंने क्यों नहीं बोला?”
विदेश में हंसी, भारत लौटकर आंसू?
तेजस्वी ने पीएम मोदी की हालिया भावुकता पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री विदेश में ठहाके लगाते हैं और भारत लौटते ही आंसू बहाने लगते हैं।”
उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि असल में पार्टी डर गई है, क्योंकि वोटर अधिकार यात्रा को जनता का अपार समर्थन मिला है।