कहलगांव से तेजस्वी यादव ने किया चुनावी शंखनाद, कहा- “भाजपा भगाओ, बिहार बचाओ”

 

Bihar chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर महागठबंधन ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में बुधवार को भागलपुर जिले के कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के गोराडीह में राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने एक विशाल जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल होकर चुनावी शंखनाद किया।

कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ ने माहौल को पूरी तरह चुनावी बना दिया। इस जनसंवाद का मंच संचालन राजद जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर प्रसाद यादव ने किया।

सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि “पिछले 20 सालों से भाजपा और नीतीश कुमार की सरकार ने बिहार को सिर्फ बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार दिया है। बिहार की जनता से वोट लेकर भाजपा गुजरात में फैक्ट्रियां खोल रही है, जबकि बिहार के लोग पलायन को मजबूर हैं।”

तेजस्वी ने आगे कहा कि “भाजपा वोट चोर की सरकार है। अब समय आ गया है-भाजपा भगाओ, बिहार बचाओ।”

उन्होंने महागठबंधन की सरकार बनने पर कई बड़ी घोषणाएं कीं:
    •    हर महिला को सम्मान योजना के तहत ₹30,000 सालाना की आर्थिक सहायता
    •    हर घर के युवाओं को रोजगार
    •    भ्रष्टाचार और अपराध पर सख्त कार्रवाई

तेजस्वी यादव ने कहा, “जो तेजस्वी कहता है, वो कर के दिखाता है।” उन्होंने इशारों में कहा कि कहलगांव से रजनीश कुमार को उम्मीदवार बनाया जा सकता है।

इस मौके पर महागठबंधन के कई वरिष्ठ नेता, जिनमें धौरिया विधायक भुदेव चौधरी और गोंड्डा विधायक संजय प्रसाद यादव शामिल थे, कार्यक्रम में मौजूद रहे।

कहलगांव की जनता ने जोश और नारों के साथ तेजस्वी यादव का स्वागत किया, जिससे यह साफ हो गया कि इस बार मुकाबला दिलचस्प होने वाला है।