बिहार अधिकार यात्रा में तेजस्वी यादव का नया अंदाज़, बच्चे संग हेलिकॉप्टर में बैठकर की बातचीत

 

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगातार अपनी बिहार अधिकार यात्रा के जरिए जनता से जुड़ रहे हैं। इस यात्रा में वे हर जिले का दौरा कर आम लोगों से संवाद कर रहे हैं। लोगों के बीच पेन बांटने और सरकार पर हमलावर तेवर अपनाने के बीच उनका एक अलग रूप भी सामने आया है।

खगड़िया में बच्चा बना आकर्षण का केंद्र

मंगलवार को खगड़िया दौरे के दौरान लौटते वक्त तेजस्वी यादव ने अपने हेलिकॉप्टर में एक 9 वर्षीय बच्चे, संतोष कुमार, को बैठाया। संतोष से करीब पाँच मिनट तक बातचीत के दौरान तेजस्वी ने उसे बिस्कुट खिलाया और एक पेन भेंट किया। बातचीत में जब तेजस्वी ने बच्चे से पूछा कि “बड़े होकर नौकरी कौन देगा?”, तो संतोष ने बिना झिझक कहा – “तेजस्वी।”

आशीर्वाद और तोहफ़े

संतोष ने तेजस्वी यादव के पैर छुए, जिसके बाद उन्हें आशीर्वाद भी मिला। तेजस्वी ने संतोष को पेन, बिस्कुट, चॉकलेट और चिप्स भी दिए। संतोष ने खुशी जताते हुए कहा कि वह इस पेन से रोज़ लिखेगा और पढ़ाई में मन लगाएगा।

बच्चा बोला – “यही मुख्यमंत्री बनेंगे”

हेलिकॉप्टर से उतरने के बाद उत्साहित संतोष ने भीड़ के बीच ‘तेजस्वी यादव जिंदाबाद’ के नारे लगाए, जिसे सुनकर माहौल गूंज उठा। उसने कहा कि यह उसके जीवन का पहला अनुभव है जब वह हेलिकॉप्टर में बैठा और उसे विश्वास है कि “तेजस्वी जी ही इस बार मुख्यमंत्री बनेंगे।”

यात्रा में दिखा जोश, अचानक पटना लौटे तेजस्वी

खगड़िया और आसपास के जिलों में तेजस्वी की यात्रा को लेकर भारी उत्साह देखा गया। वहीं, अचानक पटना लौटने के उनके फैसले ने सियासी चर्चाओं को हवा दी। दरअसल, उन्हें पटना में आयोजित धानुक सम्मेलन में शामिल होना था, जिसकी वजह से उन्होंने यात्रा बीच में छोड़कर वापसी की।