वोट अधिकार यात्रा पर तेजस्वी का केंद्र और नीतीश पर बड़ा वार, बोले– नीतीश जी अब ‘सीएम पद’ पर सिर्फ मेहमान हैं
Patna: एक दिन के ब्रेक के बाद बिहार में वोट अधिकार यात्रा की शुरुआत आज फिर से हो गई है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव इस यात्रा को लीड कर रहे हैं। तेजस्वी यादव सुबह पटना से जमुई के लिए रवाना हुए और निकलने से पहले पत्रकारों से बातचीत में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर बरसे।
केंद्र के बिल पर साधा निशाना
लोकसभा में पेश हुए 130वां संविधान संशोधन बिल 2025 को लेकर तेजस्वी ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह बिल नीतीश कुमार और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू जैसे नेताओं को निशाना बनाने के लिए लाया गया है। तेजस्वी ने आरोप लगाया “ये लोग ब्लैकमेल की राजनीति करते हैं। देश को आगे बढ़ाने के बजाय बिगाड़ रहे हैं।”
नीतीश पर सीधा हमला
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भविष्य पर सवाल पूछे जाने पर तेजस्वी ने कहा कि बिहार की जनता अब बदलाव चाहती है।
उनके शब्दों में- “यह जरूरी नहीं कि नीतीश कुमार फिर से मुख्यमंत्री बनें। जनता ने मन बना लिया है कि उनकी विदाई का समय आ गया है। राज्य में अपराध, शिक्षा और पलायन की हालत सबके सामने है।”
यात्रा को मिल रहा जनसमर्थन
तेजस्वी यादव ने दावा किया कि वोट अधिकार यात्रा को जनता का भारी समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान ने चुनाव आयोग और भाजपा की हकीकत उजागर कर दी है।
नीतीश के अल्पसंख्यक संवाद पर तंज
आज नीतीश कुमार अल्पसंख्यक समुदाय से संवाद करने वाले हैं। इस पर तंज कसते हुए तेजस्वी ने कहा,“इससे कोई फायदा नहीं होगा, जनता ने पहले ही मन बना लिया है।”
बिल में क्या है प्रावधान
लोकसभा में आए इस बिल में प्रावधान है कि अगर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या कोई मंत्री लगातार 30 दिनों तक हिरासत या गिरफ्तारी में रहते हैं, तो 31वें दिन उन्हें पद से हटा दिया जाएगा। विपक्ष इस बिल को तानाशाही और राजनीति से प्रेरित बता रहा है।