राजद की नई कमान तेजस्वी के हाथ, मंगनी लाल मंडल की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद तेजस्वी यादव पहली बार पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। पार्टी दफ्तर में उत्साह का माहौल दिखा और इसे संगठन में नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
हालांकि इस स्वागत कार्यक्रम में राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल मौजूद नहीं थे। उनकी गैरहाजिरी को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे। बाद में जानकारी सामने आई कि मंगनी लाल मंडल इन दिनों गंभीर रूप से बीमार हैं और दिल्ली में उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि राजद के राज्यसभा सांसद और तेजस्वी यादव के करीबी नेता संजय यादव ने दिल्ली जाकर उनसे मुलाकात भी की है। दोनों की मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें प्रदेश अध्यक्ष काफी कमजोर नजर आ रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष की खराब सेहत के बीच सियासी गलियारों में यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि क्या आने वाले समय में राजद संगठन में और बदलाव हो सकते हैं। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
फिलहाल तेजस्वी यादव को मिली नई जिम्मेदारी और संगठन में संभावित फेरबदल को लेकर पार्टी के अंदर और बाहर दोनों जगह चर्चा तेज हो गई है।