तेजस्वी यादव का CM सम्राट चौधरी पर बड़ा हमला, बोले- ‘7 हत्याओं के आरोपी हैं बिहार के मुख्यमंत्री, छात्रों पर AK-47 से चलवाई गोली’

 

Bihar political news: बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर बेहद तीखा हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री पर गंभीर आरोप लगाए और बिहार में छात्रों के आंदोलन को लेकर सरकार को घेरा।

तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को ‘7 हत्याओं का आरोपी’ बताते हुए उन्हें ‘सड़क छाप अपराधी’ कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने बिहार में लोकतांत्रिक परंपराओं को खत्म कर दिया है और प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पहली बार AK-47 से गोली चलवाई गई है।

तेजस्वी यादव ने आगे लिखा कि छात्रों से समझौता होने के बाद भी बिहार में हजारों छात्रों पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं और उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के परिजनों को भी प्रताड़ित किया जा रहा है।

आरजेडी नेता ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आंदोलन कर रहे छात्रों को जल्द रिहा नहीं किया गया और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए, तो NDA सरकार को इसकी भारी राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ेगी।

तेजस्वी यादव के इस बयान के बाद बिहार की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। उनके आरोपों को लेकर सत्ता पक्ष की ओर से प्रतिक्रिया का इंतजार है। छात्रों के आंदोलन और पुलिस कार्रवाई को लेकर पहले से ही बिहार में राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।