तेजस्वी यादव का बड़ा हमला, कहा-“थके-बेसुध सीएम के राज में खून की नदियां बह रही हैं”
Patna: बिहार की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार की सुबह सोशल मीडिया पर ताबड़तोड़ हमला बोला। उन्होंने एक नया क्राइम बुलेटिन जारी कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बिहार सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया।
तेजस्वी यादव इन दिनों राहुल गांधी के साथ वोटर अधिकार यात्रा पर हैं और राज्य के अलग-अलग जिलों में जनता से सीधा संवाद कर रहे हैं। इसी बीच उन्होंने हाल की अपराधिक घटनाओं का ब्योरा देते हुए नीतीश कुमार को “बेसुध और थके हुए मुख्यमंत्री” बताया।
तेजस्वी ने कहा, विजय होकर सम्राट बने बीजेपी के गुंडे अब पूरे बिहार में खून की नदियां बहा रहे हैं। अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वे सीधे घर में घुसकर लोगों की हत्या कर रहे हैं और मुख्यमंत्री को इसकी सुध तक नहीं है।
ये है तेजस्वी का क्राइम बुलेटिन
तेजस्वी यादव ने हाल के दिनों में हुई 15 बड़ी हत्याओं का जिक्र किया, जिनमें अधिकतर वारदातें दिनदहाड़े और घर के अंदर हुईं।
1. पटना में भाई-बहन की हत्या
2. मधेपुरा में युवक की हत्या
3. कटिहार में किसान की हत्या
4. समस्तीपुर में महिला की हत्या
5. बांका में युवक की गोली मार हत्या
6. बेगूसराय में युवक की अपहरण के बाद हत्या
7. भभुआ में ईंट-पत्थर से कूचकर हत्या
8. सिवान में 25 वर्षीय युवक की गला काटकर हत्या
9. पटना में डिलीवरी बॉय की घर में घुसकर हत्या
10. गोपालगंज में युवक की हत्या
11. मोतिहारी में घर में घुसकर महिला की हत्या
12. गोपालगंज में माफिया ने एक्साइज कांस्टेबल की हत्या
13. पटना के बाढ़ इलाके में घर में सो रहे युवक की हत्या
14. सीतामढ़ी में डबल मर्डर- दो युवकों की हत्या
15. पटना में दिनदहाड़े 19 साल के युवक की हत्या
लगातार सरकार पर हमलावर
तेजस्वी यादव इससे पहले भी कई बार अपराध के मुद्दे पर सरकार को घेरते रहे हैं। उनका कहना है कि बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस उन्हें रोकने में नाकाम साबित हो रही है।
वहीं, सरकार का तर्क है कि अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है और दोषियों को पकड़ने के प्रयास हो रहे हैं। लेकिन आंकड़े बताते हैं कि घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।