गांधी जयंती पर तेजस्वी का बड़ा बयान: “जातीय जनगणना पूरे देश में होगी, आरक्षण 65% तक बढ़े बिना लड़ाई जारी”
Patna Desk: गांधी जयंती के अवसर पर आज पूरा देश राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन कर रहा है। इसी मौके पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने एक बयान जारी कर जातीय जनगणना और आरक्षण को लेकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया।
तेजस्वी यादव ने याद दिलाया कि 2 अक्टूबर 2023 को जब वे बिहार के उपमुख्यमंत्री थे, उसी दिन राज्य सरकार ने ऐतिहासिक जातीय सर्वेक्षण की रिपोर्ट सार्वजनिक की थी। उन्होंने कहा कि उस दिन हमने साफ़ कर दिया था कि अब पूरा देश जातीय जनगणना चाहता है और इस मुद्दे को हम किसी हाल में ठंडा नहीं पड़ने देंगे।
“संघर्ष ने केंद्र को झुकाया”
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस लगातार जातीय जनगणना का विरोध करते रहे, लेकिन हमारे संघर्ष और सामाजिक दबाव ने केंद्र सरकार को झुकने पर मजबूर कर दिया। हालांकि उन्होंने केंद्र की नीयत और क्रियान्वयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार अभी भी टालमटोल कर रही है।
“बीजेपी ने आरक्षण पर किया डाका”
आरक्षण के मुद्दे पर हमला बोलते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा ने 65 फ़ीसदी आरक्षण को संविधान की 9वीं अनुसूची में शामिल नहीं किया। ऐसा कर दलितों, पिछड़ों, अति पिछड़ों और आदिवासियों के अधिकारों पर सीधा हमला किया गया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के इस कदम से लाखों नौकरियों में आरक्षण लाभ से वंचित वर्गों को नुकसान उठाना पड़ा है।
“लड़ाई तब तक जारी रहेगी”
तेजस्वी ने दोहराया कि उनकी लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक पिछड़े, दलित, वंचित और गरीब वर्गों को आबादी के अनुपात में पूरा हक़ नहीं मिल जाता। उन्होंने कहा कि आरक्षण की सीमा 50 फ़ीसदी से आगे बढ़नी चाहिए और आर्थिक न्याय के बिना सामाजिक न्याय अधूरा रहेगा।
नेता प्रतिपक्ष ने अपील की कि इस संघर्ष में समाज के हर वर्ग को उनका साथ देना होगा, ताकि न्याय और समानता की लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाया जा सके।