पटना में ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण, विधायक संजीव चौरसिया हुए शामिल
पटना के दीघा घाट स्थित मरीन ड्राइव पर रविवार को स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) की ओर से ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ के 100वें संस्करण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक संजीव चौरसिया शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने साइकिलिंग के जरिए लोगों को फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद चन्द्रवंशी, कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता, SAI केंद्र प्रभारी सोमेश्वर राव चव्हाण सहित बड़ी संख्या में युवाओं और शहरवासियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान लोगों ने उत्साह के साथ साइकिलिंग की और नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। इस मौके पर विधायक संजीव चौरसिया ने फिटनेस के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए नियमित शारीरिक गतिविधियां बेहद जरूरी हैं।
उन्होंने लोगों से प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा व्यायाम और साइकिलिंग के लिए समय निकालने की अपील की। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और फिट भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया।