गया में सुनी गई PM मोदी की ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी, डॉ. प्रेम कुमार रहे मौजूद
Gaya: गया टाउन विधानसभा क्षेत्र के उत्तरी मंडल-1, वार्ड संख्या-6 के बूथ संख्या-50 पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन लाल बाबा, रामशिला पहाड़ के समीप स्थित सामुदायिक भवन में किया गया। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार के नेतृत्व में बूथ के मतदाताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना।
नशामुक्त भारत और हर घर तिरंगा पर PM मोदी का संदेश
‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नशामुक्त भारत अभियान, हर घर तिरंगा, देशभक्ति से जुड़े रोचक इतिहास, युवा क्रिएटर्स समेत देश में हो रहे नए और सकारात्मक प्रयासों का उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री ने देश के अलग-अलग हिस्सों में आम नागरिकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों की ओर से किए जा रहे रचनात्मक कार्यों को देशवासियों के सामने रखा। उन्होंने जनभागीदारी की भावना को और मजबूत करने का आह्वान किया।
डॉ. प्रेम कुमार बोले- आम लोगों से संवाद का सशक्त माध्यम है ‘मन की बात’
इस मौके पर डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि ‘मन की बात’ प्रधानमंत्री और देश के आम नागरिकों के बीच संवाद का एक प्रभावी और सशक्त माध्यम है। इसके जरिए देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे सकारात्मक कार्यों, नवाचारों और जनभागीदारी से जुड़े प्रेरणादायी प्रयासों की जानकारी पूरे देश तक पहुंचती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के महत्वपूर्ण सुझाव और संदेश देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनते हैं। ‘मन की बात’ का उद्देश्य सिर्फ संवाद स्थापित करना नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय को राष्ट्र निर्माण और राष्ट्र सेवा से जोड़ना भी है।
नशामुक्त समाज और युवाओं की प्रतिभा को बढ़ावा देने पर जोर
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश हर भारतीय तक पहुंचे और देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दे, यही ‘मन की बात’ की मूल भावना है।
उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण, राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देश के गौरवशाली इतिहास को जानना और युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना वर्तमान समय की महत्वपूर्ण जरूरत है।
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ जैसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ-साथ लोगों में ‘मैं भी देश के लिए कुछ कर सकता हूं’ की भावना को मजबूत करते हैं।
राष्ट्रहित और जनसेवा में योगदान का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में मौजूद लोगों ने राष्ट्रहित, जनसेवा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
इसके बाद ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष के साथ ‘मन की बात’ के सामूहिक श्रवण कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।