नीतीश सेतु' के नाम से जाना जाएगा 6 लेन ब्रिज, 21 नवंबर को PM मोदी करेंगे उद्घाटन

पीएम नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार आ रहे हैं। कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
 

पीएम नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार आ रहे हैं। कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल राष्ट्र को समर्पित करेंगे। बिहार सरकार ने पुल का नामकरण किया है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर इसका नाम 'नीतीश सेतु' किया गया है।

राजापाकर में आयोजित कार्यक्रम में पीएम कई विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है।

बिहार सरकार ने कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल का नाम पूर्व सीएम नीतीश कुमार के नाम पर रखा है। इसे लेकर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने खुशी जताई है।

उन्होंने X पर लिखा- बिखरे हुए बिहार को एक सूत्र में पिरोने वाले, सड़कों और पुल-पुलियों का जाल बिछाकर राज्य को विकास की नई दिशा और गति देने वाले, आधुनिक बिहार के निर्माता और हमारे सर्वमान्य नेता नीतीश कुमार के नाम पर छह लेन गंगा पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखा जाना पूरे बिहार के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।

19.30 किमी लंबा कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन महासेतु बनकर तैयार हो गया है। 67 मजबूत पिलरों पर खड़े इस पुल का निर्माण एलएंडटी एजेंसी ने किया है।

अब प्रधानमंत्री 21 नवंबर को इसका लोकार्पण करेंगे। बिहार सरकार द्वारा करीब 5,000 करोड़ की लागत से बनाया गया यह एक्स्ट्राडोज्ड केबल महासेतु अत्याधुनिक इंजीनियरिंग का नमूना है। इसमें मुख्य गंगा नदी पर बने पुल की लंबाई 9.76 किमी है।