मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत इलेक्ट्रिक और डीलक्स बसों को दिखाई हरी झंडी, बिहार में आधुनिक एवं हरित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की शुरुआत
Bihar News: मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत नई इलेक्ट्रिक और डीलक्स बसों को हरी झंडी दिखाकर बिहार में आधुनिक एवं हरित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की शुरुआत की. इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है.
मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज पटना स्थित वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में परिवहन विभाग द्वारा आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के अंतर्गत संचालित होने वाली इलेक्ट्रिक बसों तथा बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) के नए डीलक्स बस बेड़े को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. कार्यक्रम के दौरान भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के अंतर्गत बिहार को स्वीकृत 400 इलेक्ट्रिक बसों (200 बसें 12 मीटर एवं 200 बसें 9 मीटर श्रेणी की) में से प्रथम इलेक्ट्रिक बस का लोकार्पण किया गया. साथ ही बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के 149 डीलक्स बसों (75 ए०सी० एवं 74 नॉन-ए०सी०) के बेड़े में से 3 ए०सी० एवं 73 नॉन-ए०सी० बसों का शुभारंभ भी किया गया.
इन बसों में आधुनिक तकनीक आधारित सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्राप्त होगा. बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा नई डीलक्स बसों का परिचालन बिहार से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हरियाणा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण अंतर्राज्यीय मार्गों पर किया जाएगा. इन बसों के परिचालन से निगम की सेवाओं का विस्तार होगा तथा यात्रियों को निजी परिवहन के स्थान पर सुरक्षित, किफायती एवं विश्वसनीय सार्वजनिक परिवहन का बेहतर विकल्प मिलेगा.
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री श्री विजेंद्र प्रसाद यादव, परिवहन मंत्री श्री दामोदर रावत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त श्री मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, परिवहन विभाग के सचिव श्री राज कुमार, बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक श्री अतुल कुमार वर्मा सहित परिवहन विभाग एवं बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.