ग्रामीण से शहरी क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण सेवा पहुँचाने में पारिवारिक चिकित्सकों की अहम भूमिका; चिकित्सा मानव सेवा का महान माध्यम - डॉ. प्रेम कुमार

बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार आज महावीर कैंसर संस्थान के सभागार में आयोजित ‘द्वितीय एएफपीआईकॉन बिहार-2026’ (2nd AFPICON Bihar 2026) के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। 
 

बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार आज महावीर कैंसर संस्थान के सभागार में आयोजित ‘द्वितीय एएफपीआईकॉन बिहार-2026’ (2nd AFPICON Bihar 2026) के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन का विषय ‘फैमिली फिजिशियन : ग्रामीण जड़ों से शहरी केंद्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं में बदलाव’ था।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि फैमिली फिजिशियन स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। वे केवल रोगों का उपचार करने वाले चिकित्सक नहीं, बल्कि परिवार के विश्वासपात्र, स्वास्थ्य मार्गदर्शक एवं समाज के स्वास्थ्य संरक्षक भी हैं। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में सामान्य बीमारियों के उपचार, गंभीर रोगों की समय पर पहचान, उचित परामर्श एवं स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

विधानसभा अध्यक्ष ने भारतीय पारिवारिक चिकित्सक अकादमी (AFPI), बिहार चैप्टर एवं आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण एवं शहरी स्वास्थ्य सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय तथा प्राथमिक स्वास्थ्य व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण समय की आवश्यकता है। दूरचिकित्सा (टेलीमेडिसिन), डिजिटल स्वास्थ्य, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) एवं आधुनिक रोग निदान तकनीकों के उपयोग से समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा पहुँचाई जा सकती है।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि बिहार में स्वास्थ्य आधारभूत संरचना के विस्तार, अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण और चिकित्सा शिक्षा के विकास की दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है। ‘प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ (आयुष्मान भारत) के तहत पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष पाँच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा तथा स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों के माध्यम से टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य व गैर-संचारी रोगों की जाँच को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि चिकित्सा केवल पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का महान माध्यम है। चिकित्सकों को मरीजों के प्रति संवेदना, नैतिकता एवं पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण आबादी तक सेवाएँ पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध रहना चाहिए। 

अंत में,उन्होंने आयोजकों व प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए समन्वित प्रयासों से स्वस्थ बिहार एवं स्वस्थ भारत के निर्माण का आह्वान किया। कार्यक्रम में डॉ. रमन कुमार, डॉ. सहजानंद सिंह, डॉ. विनीता त्रिवेदी, डॉ. एल. बी. सिंह, डॉ. विश्वजीत सान्याल, डॉ. मनीषा सिंह एवं डॉ. यश कुमार सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।