सम्राट कैबिनेट ने संभाली कमान! नए मंत्रियों ने लिया पदभार, निशांत-दीपक प्रकाश की एंट्री बनी चर्चा का केंद्र

 

Bihar News: बिहार में सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब नई कैबिनेट पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आने लगी है। शुक्रवार को कई मंत्रियों ने अपने-अपने विभागों में पहुंचकर पदभार ग्रहण किया और अधिकारियों के साथ कामकाज की शुरुआती समीक्षा भी की। नई सरकार के गठन के बाद सचिवालय से लेकर राजनीतिक गलियारों तक हलचल तेज हो गई है।

पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे दीपक प्रकाश ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास योजनाओं की जानकारी ली। वहीं अशोक चौधरी ने खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का पदभार संभालते हुए व्यवस्था में पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता देने की बात कही।

इधर केदार प्रसाद गुप्ता ने पर्यटन विभाग की कमान संभाली, जबकि मदन सहनी ने मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में कार्यभार ग्रहण किया। नंदकिशोर राम ने पशुपालन विभाग की जिम्मेदारी ली। वहीं जदयू नेता श्रवण कुमार ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का पदभार संभालते हुए सरकार की योजनाओं को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की बात कही।

सम्राट कैबिनेट में इस बार नए और पुराने चेहरों का मिश्रण देखने को मिला है। मंत्रिमंडल में भाजपा के 15, जदयू के 13, लोजपा (रामविलास) के 2, HAM के 1 और RLM के 1 मंत्री शामिल किए गए हैं। सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की एंट्री को लेकर हो रही है, जिन्हें स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा कुमार शैलेन्द्र, बुलो मंडल, श्वेता गुप्ता और रमा निषाद जैसे कई नेताओं को पहली बार मंत्री बनने का मौका मिला है। राजनीतिक जानकार इसे सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की बड़ी रणनीति मान रहे हैं।

दिलचस्प बात यह है कि निशांत कुमार और उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश फिलहाल किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। दोनों न विधायक हैं और न ही विधान परिषद सदस्य। ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले महीनों में होने वाले एमएलसी चुनाव के जरिए उन्हें सदन में भेजा जा सकता है। संवैधानिक प्रावधान के तहत दोनों छह महीने तक बिना सदन के सदस्य बने मंत्री रह सकते हैं।

इसी बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की। इस शिष्टाचार मुलाकात को लेकर भी राजनीतिक हलकों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। सम्राट चौधरी ने खुद सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा कर मुलाकात की जानकारी दी।