निषाद समाज के हक और आरक्षण की लड़ाई होगी तेज, 2029 से पहले तैयार होंगे 50 हजार निषाद योद्धा : मुकेश सहनी

मुकेश सहनी का ऐलान : आरक्षण की लड़ाई होगी तेज, उत्तर प्रदेश के 55 जिलों में गांव-गांव तक पहुंचेगा निषाद संकल्प अभियान
 

पटना: विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने आज पटना के दीघा में निषाद गुरुकुल का शिलान्यास किया। इस अवसर पर निषाद विकास संघ (NVS) और विकासशील इंसान पार्टी की संयुक्त बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें हजारों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

 बैठक में निषाद समाज को संगठित करने, आरक्षण की लड़ाई को मजबूत बनाने और सामाजिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक सशक्तीकरण के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई। बैठक में वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले 50 हजार प्रशिक्षित निषाद योद्धाओं की टीम तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।

बैठक में निषाद समाज के अधिकारों, आरक्षण, शिक्षा और रोजगार के मुद्दों को लेकर जनजागरण अभियान तेज करने पर जोर दिया गया।

बैठक में मुकेश सहनीं ने कहा कि 50 हजार निषाद योद्धाओं की टीम समाज के लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेगी और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने में भूमिका निभाएगी। निषाद गुरुकुल को इस अभियान का प्रमुख प्रशिक्षण केंद्र बनाने की योजना है।

उंन्होने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि पटना के दीघा में लगभग सात एकड़ भूमि पर निषाद गुरुकुल का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। इसका उद्घाटन अगले वर्ष करने की तैयारी है। यहां तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रतिदिन लगभग 1,500 से 2,000 लोगों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है। गुरुकुल में 250 लोगों के ठहरने की व्यवस्था भी होगी। यह केंद्र युवाओं, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के नेतृत्व विकास, संगठनात्मक क्षमता तथा सामाजिक जागरूकता को मजबूत करने का काम करेगा।

बैठक में निषाद विकास संघ और VIP के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर सहमति बनी। निषाद विकास संघ, VIP के लिए अभिभावक संगठन की भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से वे लोग भी सामाजिक जागरूकता और निषाद समाज के अधिकारों की लड़ाई में योगदान दे सकेंगे, जो सीधे राजनीतिक दल से जुड़कर काम नहीं कर सकते।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के 55 जिलों में निषाद संकल्प अभियान को तेज करने के लिए 250 लोगों की 50 टीमें गठित कर गांव-गांव पहुंचने की योजना बनाई गई है। अभियान के तहत गंगाजल हाथ में लेकर आरक्षण के समर्थन में संकल्प दिलाया जाएगा। साथ ही, समाज के लोगों से अपील की जाएगी कि यदि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले निषाद समाज को आरक्षण का अधिकार नहीं मिलता है, तो वे भाजपा को वोट नहीं दें।

बैठक में निर्णय लिया गया कि मुकेश सहनी के नेतृत्व में निषाद विकास संघ और विकासशील इंसान पार्टी का उद्देश्य निषाद समाज को एकजुट कर आरक्षण के मुद्दे पर व्यापक जनआंदोलन खड़ा करना तथा समाज की सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी को मजबूत बनाना है।