सरकार ही सरकार बदल रही…: तेजश्वी यादव का बड़ा हमला, बोले– NDA में सिर्फ ‘दो लोग’ तय करेंगे बिहार का नया CM
सोमवार को मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने दावा किया कि उन्होंने पहले ही कहा था कि यदि एनडीए की सरकार बनी, तो नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद पर नहीं रहने दिया जाएगा। अब वही स्थिति बनती नजर आ रही है।
छात्र संगठन का नाम बदला, सियासत गरम
इस दौरान राजद ने अपने छात्र संगठन ‘छात्र राजद (CRJD)’ का नाम बदलकर ‘सोशलिस्ट स्टूडेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SSAI)’ कर दिया। इसी कार्यक्रम में तेजस्वी यादव ने बिहार के संभावित नए मुख्यमंत्री को लेकर बड़ा बयान दिया।
“CM कौन होगा, दो लोग ही तय करेंगे”
तेजस्वी ने कहा कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह एनडीए के भीतर लोकतांत्रिक प्रक्रिया से नहीं बल्कि “सिर्फ दो लोग” तय करेंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अभी सभी नेता अपने-अपने नाम मीडिया में चलवाने में लगे हैं।
“गुजरात से चलेगी बिहार सरकार”
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि नई सरकार बनी तो उसका संचालन बिहार से नहीं, बल्कि “गुजरात से” होगा। उन्होंने कहा कि यह बात वे चुनाव के समय से कहते आ रहे हैं और अब वही होता दिख रहा है।
नीतीश सरकार पर सीधा हमला
नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा कि “जाते-जाते बिहार का खजाना खाली कर दिया गया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि 20 साल के शासन के बावजूद राज्य में गरीबी, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य की स्थिति बेहद खराब है।
NDA पर भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का आरोप
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में अपराध लगातार बढ़ रहा है और “अखबारों के पन्ने लाल हो रहे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार ने राज्य को बर्बादी की कगार पर ला खड़ा किया है।
लालू यादव पर टिप्पणी से किया परहेज
वहीं लालू प्रसाद यादव से जुड़े मामले पर पूछे गए सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि वे अदालत के फैसलों पर सार्वजनिक टिप्पणी नहीं करते और जो भी कहना होगा, वह कोर्ट में ही रखा जाएगा।
फिलहाल, बिहार की सियासत में बयानबाज़ी और बैठकों का दौर जारी है, और सबकी नजरें अब नए मुख्यमंत्री के ऐलान पर टिकी हैं।