200 गाड़ियों के काफिले के साथ लदमा पहुंची बारात, शिवांगी और ऋषिकेश ने एक-दूसरे को पहनाई वरमाला, आतिशबाजी से गूंजा शादी समारोह

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी धूमधाम से संपन्न हो रही है। बुधवार को दूल्हा ऋषिकेश करीब 200 गाड़ियों के काफिले के साथ बिहटा से बारात लेकर अनंत सिंह के गांव लदमा पहुंचे
 

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी धूमधाम से संपन्न हो रही है। बुधवार को दूल्हा ऋषिकेश करीब 200 गाड़ियों के काफिले के साथ बिहटा से बारात लेकर अनंत सिंह के गांव लदमा पहुंचे। बारात के पहुंचते ही शादी समारोह में रौनक और बढ़ गई। इस शाही शादी में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में मेहमानों के साथ आसपास के गांवों से हजारों लोग भी पहुंचे।

शादी समारोह में जयमाला की रस्म भी धूमधाम से संपन्न हुई। स्टेज पर दूल्हे ऋषिकेश ने शिवांगी को वरमाला पहनाई। इस खास पल का गवाह बने मेहमानों ने तालियां बजाकर नवदंपती का स्वागत किया। वहीं, जयमाला के दौरान जमकर आतिशबाजी भी हुई। दूल्हा-दुल्हन की एक झलक पाने के लिए स्टेज के आसपास लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

हालांकि, शादी में उमड़ी भारी भीड़ के कारण इलाके में यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। बाढ़ के आसपास करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम का असर इतना ज्यादा था कि विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को भी काफी मशक्कत के बाद अनंत सिंह के गांव लदमा पहुंचना पड़ा।

भीड़ का असर मोबाइल नेटवर्क पर भी देखने को मिला। करीब 5 किलोमीटर के दायरे में मोबाइल नेटवर्क और कॉलिंग सेवाएं प्रभावित रहीं। बारात में शामिल गाड़ियों को भी समारोह स्थल तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। कुल मिलाकर अनंत सिंह की बेटी की शादी में उमड़ी भीड़ ने इस आयोजन को इलाके का बड़ा आकर्षण बना दिया।