बिहार विधानसभा सत्र का तीसरा दिन: राबड़ी देवी विधान परिषद पहुंचीं, तेजस्वी दिल्ली में- सेंट्रल हॉल में संयुक्त बैठक, राज्यपाल आज रखेंगे सरकार का एजेंडा

Bihar Vidhansabha Session: तीसरे दिन से विधानसभा व विधान परिषद की कार्यवाही शुरू, सेंट्रल हॉल में संयुक्त बैठक का दौर
 

Bihar Vidhansabha Session: 18वीं बिहार विधानसभा के पहले सत्र का तीसरा दिन आज कई राजनीतिक हलचलों के बीच शुरू हुआ। विधानसभा और विधान परिषद- दोनों सदनों की कार्यवाही चालू हो गई है। विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी अपने मुंह बोले भाई सुनील कुमार के साथ पहुंचीं, जबकि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज सदन में मौजूद नहीं हैं।
सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही खत्म होने के बाद वे दिल्ली रवाना हो गए थे।

सेंट्रल हॉल में 11:30 बजे दोनों सदनों की संयुक्त बैठक

कार्रवाई शुरू होते ही स्पीकर और सभापति ने दोनों सदनों के सभी सदस्यों को सेंट्रल हॉल जाने का निर्देश दिया। स्पीकर प्रेम कुमार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी राज्यपाल के स्वागत के लिए पहुंच चुके हैं।

आज सुबह 11:30 बजे विधानमंडल के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक होने जा रही है। इस दौरान राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान नई सरकार का एजेंडा, नीतियां और विकास योजनाओं की रूपरेखा पेश करेंगे। सभी सदस्य सेंट्रल हॉल की ओर पहुंच रहे हैं और कार्यवाही पूरे गरिमा के साथ आगे बढ़ रही है।

द्वितीय अनुपूरक बजट भी आ सकता है सदन में

सूत्रों के मुताबिक, राज्यपाल के अभिभाषण से पहले सरकार वित्त वर्ष 2025-26 का द्वितीय अनुपूरक बजट पेश कर सकती है।

सत्र के दूसरे दिन जदयू के वरिष्ठ विधायक नरेंद्र नारायण यादव ने विधानसभा उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। उपाध्यक्ष पद के लिए 4 दिसंबर को औपचारिक घोषणा की जाएगी।
2024 में भी उपाध्यक्ष जदयू से और स्पीकर बीजेपी से थे।
इस बार भी वही समीकरण कायम रहेगा:
    •    स्पीकर: डॉ. प्रेम कुमार (बीजेपी)
    •    संभावित उपाध्यक्ष: नरेंद्र नारायण यादव (जदयू)

उनका निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है।

शपथ ग्रहण लगभग पूरा, दो विधायक अभी भी प्रतीक्षारत

विधानसभा में नए विधायकों के शपथ ग्रहण की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। 243 में से 241 विधायकों ने शपथ ले ली है। दो विधायक:
    •    मोकामा के अनंत सिंह
    •    कुचायकोट के अमरेंद्र कुमार पांडे
का शपथ ग्रहण अभी बाकी है।

वहीं वरिष्ठ नेता डॉ. प्रेम कुमार का निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष चुना जाना इस सत्र का महत्वपूर्ण क्षण रहा है।

आज की कार्यवाही पर सबकी नजर

सत्र के तीसरे दिन राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। सरकार के विधायी कार्यक्रम, संयुक्त बैठक और संभावित अनुपूरक बजट को लेकर पूरे दिन हलचल बनी रहने की संभावना है।