टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा फिर विवादों में, रेखा शर्मा पर टिप्पणी को लेकर मामला दर्ज

 

अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा अक्सर विवादों में रहती हैं। पिछले कार्यकाल में पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर सीट से सांसद रही महुआ की सदस्यता रद्द कर दी गई थी। अब दोबारा सांसद बनने के बाद वह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उनके खिलाफ नई दिल्ली में एक मामला दर्ज किया गया है।

महुआ मोइत्रा ने राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की प्रमुख रेखा शर्मा के खिलाफ आपत्तिजनक 'पायजामा' टिप्पणी की थी, जिसके चलते दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज किया है। महुआ मोइत्रा ने अपने एक्स हैन्डल पर रेखा शर्मा के खिलाफ टिप्पणी करते हुए लिखा था कि वह (रेखा शर्मा) अपने बॉस का पजामा पकड़ने में व्यस्त हैं। इस टिप्पणी के बाद महुआ एक बार फिर विवादों में आ गई हैं। अब इस मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल उनके सोशल मीडिया हैन्डल की जांच करेगी। स्पेशल सेल की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस यूनिट इस पूरे मामले की गहनता से जांच करेगी।