बजट सत्र में हंगामा: प्रश्नकाल के दौरान विधायक–एमएलसी आमने-सामने, नाराज होकर सदन से बाहर निकलीं राबड़ी देवी

 
Bihar political news: बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के दौरान शुक्रवार को दोनों सदनों में जमकर हंगामा देखने को मिला। विधानसभा और विधान परिषद- दोनों जगह प्रश्नकाल के समय माहौल गर्म रहा। कहीं विधायक अपने ही मंत्री से तीखे सवाल पूछते दिखे, तो कहीं सदन के अंदर बार-बार बोलने को लेकर विवाद खड़ा हो गया।

विधान परिषद में प्रश्नकाल के दौरान सवाल-जवाब चल रहा था। इसी बीच जदयू के एमएलसी संजीव कुमार सिंह कई मुद्दों पर बार-बार खड़े होकर सवाल उठाने लगे। इस बात पर राजद के सदस्यों ने आपत्ति जताई और कहा कि एक ही सदस्य लगातार बोलेंगे तो बाकी लोगों को मौका कैसे मिलेगा।

राजद एमएलसी सुनील कुमार ने सदन में खड़े होकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उनकी गिनती के हिसाब से जदयू सदस्य करीब 19 बार खड़े हो चुके हैं, जबकि अन्य सदस्यों का कहना है कि यह संख्या और ज्यादा है। उन्होंने इसे नियम और संतुलन के खिलाफ बताया।

इसी दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद सदस्य राबड़ी देवी भी नाराज नजर आईं। बताया गया कि लगातार एक ही सदस्य के बोलने से असंतुष्ट होकर वह सदन से बाहर निकल गईं। जाते-जाते उन्होंने कहा कि अगर एक ही व्यक्ति बोलते रहेंगे तो बाकी सदस्यों की जरूरत क्या रह जाएगी।

घटना के बाद कुछ देर तक सदन का माहौल तनावपूर्ण बना रहा और राजद सदस्यों ने इस पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। बजट सत्र के बीच इस तरह के टकराव ने सदन की कार्यवाही को भी प्रभावित किया।