गया से शुरू हुआ उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन का बिहार दौरा, 18वीं विधानसभा के विधायकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का करेंगे उद्घाटन
Gaya: भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन शुक्रवार को दो दिवसीय बिहार दौरे पर गया पहुंचे. गया एयरपोर्ट पर उनके आगमन पर बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया.
उपराष्ट्रपति अपने दौरे के दौरान 18वीं बिहार विधानसभा के सदस्यों के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रबोधन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे. इस कार्यक्रम का उद्देश्य नव-निर्वाचित विधायकों को संसदीय लोकतंत्र की परंपराओं, संवैधानिक दायित्वों, विधायी प्रक्रियाओं तथा जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना है.
प्रशिक्षण कार्यक्रम में संसदीय कार्यप्रणाली, सदन की कार्यवाही, प्रभावी विधायी भागीदारी, नीति निर्माण और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा. इससे नए विधायकों को विधानसभा की कार्यप्रणाली को बेहतर ढंग से समझने और जनहित के मुद्दों को प्रभावी तरीके से सदन में उठाने में सहायता मिलेगी.
उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए गया में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं. पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके.
इस अवसर पर बिहार सरकार के कई मंत्री, विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा अन्य गणमान्य अतिथि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे. राज्य सरकार का मानना है कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विधायकों की संसदीय क्षमता को मजबूत करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा.