विजय सिन्हा बोले- राहुल पहले हिंदू को गाली देते हैं फिर चुनाव में जनेऊ पहनकर मंदिर जाते हैं 

 
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने बिहार में बढ़ते अपराध पर तेजस्वी यादव के आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधी जो भाषा समझेंगे उसी भाषा में अब कार्रवाई होगी। सीएम नीतीश के नेतृत्व में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आज शहाबुद्दीन गैंग के गुर्गे सुमित का एनकाउंटर किया गया है।
एसटीएफ ने सुमित का एनकाउंटर किया है। मुजफ्फरपुर के बैंक लुटेरों का भी एनकाउंटर किया गया है। यूपी में एनकाउंटर मॉडल बाद में आया। बिहार में एनकाउंटर मॉडल 2005 से है। यूपी में राम है तो बिहार में जानकी है।
विजय सिन्हा ने राहुल गांधी के बयान पर जमकर हमला बोला। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सोने की चम्मच लेकर पैदा लेने वाले आज झूठ बोल रहे हैं। संसद में अपने पहले भाषण में झूठ और गैर जिम्मेदाराना बयान दिया है। ऐसे लोगों को पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है। साथ ही राहुल के मटन खाने पर भी सवाल कर कहा कि सावन में मटन खाकर क्या संदेश देना चाहते हैं?
आगे उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हिंदू और सनातन का अपमान किया है, राहुल गांधी राम को मानने वालों को हिंसक बता रहे हैं, गांधी का भी अंतिम शब्द ही राम था। वो राम पर सवाल खड़ा करने वालों के साथ खड़े हैं, पहले नेहरू ने हिंदू के साथ खिलवाड़ किया, इंदिरा और राजीव गांधी ने भी हिंदुओं का अपमान किया, इनके मन से इटालियन संस्कृति जा नहीं रही है।
उन्होंने आगे कहा कि पहले हिंदू को गाली देते हैं और चुनाव में जनेऊ पहनकर मंदिर जाते हैं। राहुल गांधी के चरित्र का दोहरापन दिखता है। उन्होंने इस्लाम के चित्र को दिखाया है। इस्लाम में चित्र पर प्रतिबंध है, यह तुष्टिकरण की राजनीति की पराकाष्ठा है। कहा कि राहुल ने अब ईश्वर के नाम पर शपथ लेना बंद कर दिया है, अब सिर्फ सत्य और निष्ठा कहकर शपथ लेते हैं।
कहा कि 2024 में राहुल ने ईश्वर के नाम पर शपथ ली थी। वो सदन की गरिमा को गिरा रहे हैं, नेता प्रतिपक्ष के पद की गरिमा को गिराने का काम किया है। राहुल गांधी इस पद के लायक नहीं हैं, वो आज नरसंहार के पोषक आरजेडी के साथ हैं। विजय सिन्हा ने हमला बोलते हुए कहा कि बंगाल में उपद्रव फैलाने वाली ममता के साथ कांग्रेस खड़ी है। मटन खाने वाली बात पर कहा कि किसी के खाने पीने पर कोई आपत्ति नहीं, लेकिन सनातन और हिंदू भावना को चोट पहुंचाना बर्दाश्त नहीं होगा, ऐसे लोगों को हिंदू कभी माफ नहीं करेगा।